Headlines

अमित शाह 20 अक्टूबर को जाएंगे पंजाब, नशाखोरी-कानून व्यवस्था पर AAP सरकार पर साधा निशाना


पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले नशे की समस्या और ड्रग्स के मुद्दे को लेकर सियासत गरमाई हुई है. हाल ही में पंजाब के मानसा में हुई नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या ने राज्य में नशे के खिलाफ विरोध को बढ़ा दिया है. इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार (20 अक्टूबर, 2026) को पंजाब के दौरे पर जाने वाले हैं.

अमित शाह अपने पंजाब दौरे के दौरान मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन परिवारों से भी मुलाकात करेंगे, जिनके सदस्यों को नशे के खिलाफ आवाज उठाने के बाद अपनी जाव गंवानी पड़ी है.

AAP सरकार पर अमित शाह का हमला

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार (18 अक्टूबर, 2026) को इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर जानकारी दी है. अपने X पोस्ट के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर आरोप भी लगाए. अमित शाह ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने पंजाब को नशे के दलदल में धकेलने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है. जिसका नतीजा यह है कि अनगिनत परिवारों को अपने बच्चों को खोना पड़ा है.’  

उन्होंने कहा, ‘मैं मंगलवार (20 अक्टूबर) को मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में उन परिवारों से मुलाकात करूंगा, जिनके सदस्यों को ‘AAP’ सरकार के संरक्षण में व्हाइट पाउडर यानी नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले लोगों के खिलाफ आवाज उठाने के कारण हाल ही में अपनी जान गंवानी पड़ी है. इन परिवारों ने जो खोया है, उसका दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है.’

नशे के तस्करों को चुन-चुनकर जेल में डालेगी भारत सरकार- शाह

अमित शाह ने कहा, ‘नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ उठ रही आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी और पंजाब की जनता इसका करारा जवाब देगी.’ उन्होंने कहा, ‘भारत सरकार नशे के तस्करों को चुन-चुनकर सलाखों के पीछे भेजेगी और इस बात को सुनिश्चित करेगी कि पंजाब समेत पूरा देश नशे के इस काले कारोबार से पूरी तरह से मुक्त हो.’

6 दिनों से रुका है परविंदर सिंह झोटा का अंतिम संस्कार

सूत्रों के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना फ्रांस दौरा बीच में छोड़कर वापस लौट रहे हैं. सीएम मान को फ्रांस से बुधवार (21 अक्टूबर) को लौटना था, लेकिन अब वे सोमवार की रात में ही वापस लौट आएंगे. वे सोमवार की रात फ्रांस से दिल्ली पहुंचेंगे.

वहीं, पंजाब के मानसा में नशा-विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद से लगातार प्रदर्शन चल रहे हैं. परविंदर सिंह झोटा की मौत के 6 दिन बीत जाने के बाद भी उनका परिवार शव लेने से इनकार कर रहा है, जिसकी वजह से उनका अंतिम संस्कार भी 6 दिनों से रुका हुआ है. 

यह भी पढ़ेंः नेहा बोरा को लेकर चिराग पासवान का राहुल पर निशाना- ‘जिस लड़की की तस्वीर…’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *