राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बुधवार को जोधपुर में यूथ कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का पुतला लेकर पहुंचे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया.
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष इरफान बेली ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर अपनी मर्यादा का उल्लंघन किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री से 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.
कांग्रेस नेता इरफान बेली ने दी चेतावनी
इरफान बेली ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री माफी नहीं मांगते हैं तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए. गौरतलब है कि मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से जोधपुर शहर में लोकतंत्र की रक्षा और अराजकता के विरोध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई थी.
पदयात्रा के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा था. मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा था कि अशोक गहलोत ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं, जो अपने उपमुख्यमंत्री के बारे में गलत टिप्पणियां करते थे.
भजनलाल शर्मा ने अशोक गहलोत के बयान पर किया था पलटवार
उन्होंने गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि वे इतने कमजोर नहीं हैं और वे ब्रजवासी हैं. मुख्यमंत्री के इसी बयान के बाद कांग्रेस ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया और उनसे माफी मांगने की मांग उठाई.
वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री उन पर लगाए गए आरोपों के दस्तावेज दें अन्यथा माफी मांगे. गहलोत ने मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा मंगलवार को जोधपुर में की गई टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए यह बात कही है. फिलहाल इस टिप्पणी के बाद सूबे की राजनीति गरमाई हुई है.
दिवाली पर जगमगाएगा जयपुर, घर-दुकानों की सजावट पर मिलेंगे इनाम
