Headlines

ईरान की अमेरिका को खुली चेतावनी- हमला किया तो भुगतना होगा अंजाम, अब क्या करेंगे ट्रंप


ईरान ने अपने दुश्मन देशों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके खिलाफ किसी भी तरह की आक्रामकता का जवाब विनाशकारी और दर्दनाक हमलों से दिया जाएगा. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने कहा कि दुश्मन को अपनी बार-बार की हार से सबक लेना चाहिए, वरना उसे इससे भी कड़े सबक सिखाए जाएंगे. उन्होंने साफ कहा कि ईरान के खिलाफ हमला कितना भी छोटा क्यों न हो, उसका जवाब बेहद गंभीर होगा.

वाहिदी की यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है. दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव और खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमलों को लेकर हालात संवेदनशील बने हुए हैं.

IRGC प्रमुख बोले- दुश्मन को अपनी हार से सबक लेना चाहिए

IRGC प्रमुख मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने दुश्मन देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें अपनी बार-बार की हार से सबक लेना चाहिए. अगर ऐसा नहीं किया गया तो उन्हें पहले से भी ज्यादा कड़े सबक का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि ईरान के खिलाफ आक्रामकता की कोई भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. हमला कितना भी छोटा क्यों न हो, ईरान उसका जवाब विनाशकारी और दर्दनाक हमलों से देगा. वाहिदी के इस बयान को अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के लिए कड़ी चेतावनी के तौर पर देखा जा रहा है.

IRGC कमांडर का दावा- अमेरिकी सैन्य ठिकानों से सुरक्षा मिलने का भ्रम खत्म

ईरान की IRGC के डिप्टी कमांडर मेजर जनरल मुस्तफा इजादी ने भी अमेरिका को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने ईरानी मीडिया से बातचीत में कहा कि अमेरिकी सैन्य ठिकानों से सुरक्षा मिलने का भ्रम अब खत्म हो चुका है. उनके मुताबिक, ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका का साम्राज्यवाद एक कागजी शेर साबित हुआ है.

इजादी ने कहा कि ईरान की सेना हर स्तर पर और बिना किसी भौगोलिक सीमा के खतरों का सामना करेगी. गौरतलब है कि ईरान ने इस संघर्ष के दौरान खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है. कुछ मौकों पर ऊर्जा और अन्य बुनियादी ढांचों पर भी हमले किए गए हैं. मुस्तफा इजादी को अगस्त 2026 में IRGC का डिप्टी कमांडर बनाया गया था. इससे पहले वह ईरान की थल सेना के कमांडर के पद पर तैनात थे.

ट्रंप बोले- अब ईरान के साथ समझौते की जरूरत नहीं

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है. उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को ईरान के बजाय डेमोक्रेटिक पार्टी के शासन वाले शहरों और राज्यों में भ्रष्टाचार और अपराध के मुद्दों पर ध्यान देने का निर्देश दिया. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है. वे दिन अब बहुत पीछे छूट चुके हैं.’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *