टीवी की पॉपुलर जोड़ी ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. चर्चा है कि दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है और उनका ब्रेकअप हो गया है. दरअसल, इन खबरों की शुरुआत तब हुई, जब फैंस ने नोटिस किया कि ईशा सिंह ने इंस्टाग्राम पर अविनाश मिश्रा को अनफॉलो कर दिया है.
वहीं, ईशा की मां ने हाल ही में एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया था, जिसमें उन्होंने अविनाश पर ईशा को धोखा देने का आरोप लगाया था. हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे ईशा और अविनाश के ब्रेकअप की खबरों से जोड़कर देखा गया.
‘इन बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं…’
अब अविनाश मिश्रा ने ईशा सिंह संग ब्रेकअप की खबरों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया यूजर्स और मीडिया से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की है.
गुरुवार को अविनाश ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट शेयर किया. इसमें उन्होंने लिखा, ‘दोस्तों, अब इन बातों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ते हैं. पिछले कुछ हफ्ते कई लोगों के लिए मुश्किल रहे हैं. मैं मीडिया पेजों से सभी की निजता का सम्मान करने की अपील करता हूं. रिश्ते निजी होते हैं, पब्लिक एंटरटेनमेंट का हिस्सा नहीं. हर चीज व्यूज और एंगेजमेंट के लिए नहीं होती. लोगों को शांति से अपनी जिंदगी जीने दें.’
धोखा देने के आरोपों के बाद टूटा रिश्ता?
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अविनाश और ईशा का ब्रेकअप हो चुका है. दोनों हाल ही में शो ‘पति पत्नी और पंगा 2’ में भी पहुंचे थे. यहां उन्होंने एक-दूसरे के लिए अपने प्यार का इजहार किया था और बताया था कि वो एक-दूसरे को दोस्त से बढ़कर मानते हैं. हालांकि, इसी दौरान उनके रिश्ते में एक बड़ी परेशानी आ गई.
रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया कि अविनाश को कथित तौर पर ईशा को धोखा देते हुए पकड़ा गया था. जब ईशा को इस बारे में पता चला तो वो काफी परेशान हो गईं और उनका दिल टूट गया. इसके बाद उन्होंने अविनाश से सारे रिश्ते खत्म करने का फैसला किया. हालांकि, ईशा ने अभी तक इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.
‘बिग बॉस 18’ में हुई थी पहली मुलाकात
अविनाश मिश्रा और ईशा सिंह की पहली मुलाकात रियलिटी शो ‘बिग बॉस 18’ में हुई थी. शो के दौरान दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी. उनकी नोकझोंक और बॉन्डिंग देखकर फैंस उन्हें साथ देखना पसंद करने लगे थे. शो से बाहर आने के बाद भी दोनों कई बार साथ नजर आए. इसके अलावा उनके म्यूजिक वीडियो ने भी डेटिंग की खबरों को हवा दी. हालांकि, उस समय दोनों खुद को सिर्फ अच्छा दोस्त बताते थे.
‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की सक्सेस पार्टी में किया प्यार का इजहार
अक्टूबर में अविनाश के ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की ट्रॉफी जीतने के बाद एक सक्सेस पार्टी रखी गई थी. इस पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था. इसमें अविनाश ने सबके सामने ईशा के लिए अपने प्यार का इजहार किया था. उन्होंने कहा था, ‘मैं बहुत शुक्रगुजार और खुशकिस्मत हूं कि मेरी जिंदगी में ईशा है.’ इस पर ईशा ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘आगे तो बोल.’ इसके बाद अविनाश ने कहा, ‘आई लव यू, बेबी.’ वहीं, ईशा ने शर्माते हुए जवाब दिया, ‘ओके, आई लव यू टू.’ दोनों का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था.
