मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड महोत्सव में संबोधन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने अखिलेश यादव के ‘घुसपैठियों’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “कुछ दिन पहले कुछ लोग बोल रहे थे कि उत्तराखंड से कुछ घुसपैठिये यूपी आ गए हैं. अरे, अगर उत्तराखंड की बेटी नहीं आई होती तो आज वे सैफई में भैंस चरा रहे होते.”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आबादी 25 करोड़ से अधिक है. राज्य बड़ा है, इसलिए यहां चुनौतियां भी बड़ी हैं. हम लोगों ने उत्तराखंड का पानी पिया है और वहां का अन्न खाया है. चुनौतियों को स्वीकार करना हमारे जींस का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में बढ़ने वाला है मेट्रो रूट, बनेंगे 5 नए एलीवेटेड स्टेशन, इतनी आएगी लागत
‘देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच का हिस्सा’
सीएम ने आगे कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने हमेशा देश की सेवा को प्राथमिकता दी है. वहां के लगभग हर परिवार का एक सदस्य सेना में जरूर काम करता है. ऐसे में उत्तराखंड और उसकी देवभूमि पर उंगली उठाना छोटी सोच रखने वाले लोगों की मानसिकता को दर्शाता है.
‘बातों और व्यवहार में दिखती है छोटी सोच’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी छोटी सोच हमेशा सामने आ जाती है. जब छोटी सोच के लोग ऊंचे पदों पर पहुंच जाते हैं तो उनकी बातें और व्यवहार भी उसी मानसिकता को दिखाते हैं. ऐसे लोगों को जनता बार-बार ठुकराती है. उत्तराखंड से आने वालों को घुसपैठिया बताते हैं वाले को बता देना चाहते है कि उत्तर प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से था.
अखिलेश यादव ने क्या कहा था?
दरअसल, बीते अक्टूबर में अखिलेश यादव ने लखनऊ में बयान दिया था कि उत्तर प्रदेश में ज्यादातर घुसपैठिये उत्तराखंड से हैं. माना गया था कि उनका यह तंज मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ था, जो मूल रूप से उत्तराखंड के हैं. यह बयान अखिलेश यादव ने तब दिया था जब बीजेपी घुसपैठ को लेकर आरोप लगा रही थी. अखिलेश के इस बयान से सियासी बवाल मच गया था.
यह भी पढ़ें: कानपुर स्टेशन से निकलते ही पटरी से उतरी चौरीचौरा एक्सप्रेस, यात्रियों में हड़कंप
