Headlines

एके-47 के साथ गुजरात से जैश का आतंकी गिरफ्तार, टारगेट पर था एयरफोर्स स्टेशन


गुजरात एटीएस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद हुए हैं. एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने शुक्रवार को बताया कि पकड़े गए आरोपी का नाम मोहम्मद शहरुल इस्लाम (22 साल) है, जो असम के करीमगंज का रहने वाला है. वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा है. उन्होंने बताया कि वह AK-47 राइफल के साथ वडोदरा के एयरफोर्स स्टेशन पर अकेले हमला करने की फिराक में था.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी ने एयरफोर्स स्टेशन की रेकी की थी और अपने मोबाइल फोन में उसकी तस्वीरें भी खींची थीं. जांच में सामने आया है कि उसे पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे और हमले को अंजाम देने के बाद वह भागकर पाकिस्तान जाने की योजना बना रहा था.

डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि आरोपी के पास से एक AK-47 राइफल, 23 जिंदा कारतूस, दो खाली कारतूस, जैश-ए-मोहम्मद का झंडा, मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं. जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह पिछले एक साल से जैश के हैंडलर्स के लगातार संपर्क में था, जिसके चलते सेंट्रल खुफिया एजेंसियां और गुजरात ATS पिछले छह महीनों से उस पर निगरानी रख रही थी. 23 नवंबर को खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह ऑपरेशन अपने आखिरी फेज में पहुंचा, जब पता चला कि वह साजिश को अंजाम देने के लिए गुजरात आ रहा है.

सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचने और अपनी गतिविधियों को छिपाने के लिए आरोपी ने असम से गुजरात आने के लिए सीधा रास्ता नहीं अपनाया, बल्कि कई ट्रेनों और बसों का इस्तेमाल करते हुए लंबा रूट लिया. अधिकारियों ने ये भी बताया कि गुजरात की यह उसकी पहली यात्रा नहीं थी. वह पहले भी वडोदरा आकर रेकी कर चुका था और संवेदनशील ठिकानों की जानकारी जुटा रहा था.

शुरुआती जांच में आशंका है कि बरामद AK-47 राइफल पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई थी. इसके अलावा, उसके फोन की डिजिटल फॉरेंसिक जांच में जैश से जुड़ा कट्टरपंथी साहित्य मिला है, जिससे उसके कट्टरपंथ और आतंकी संगठन से सीधे संबंधों की पुष्टि होती है. अब एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर सीमा पार बैठे हैंडलर्स, हथियार की सप्लाई चेन और स्थानीय स्लीपर सेल या मददगारों के बारे में पता लगा रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *