म्यांमार के संघर्ष से ग्रस्त इलाके में शनिवार (28 नवंबर) को सेना ने एक शादी के घर को निशाना बनाकर हवाई हमले को अंजाम दिया. इस हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई है. घटना की सामने आई तस्वीरों में कम से कम 6 लोगों के शव दिखाई दे रहे हैं, जबकि चश्मदीदों का कहना है कि मृतकों की संख्या 17 तक हो सकती है.
चश्मदीदों की तरफ से बनाए गए वीडियो में हवाई हमले के बाद खून से लथपथ घायलों को इलाज के लिए ले जाते हुए दिखया गया है. यह हमला शान और करेन्नी राज्यों की सीमा पर स्थित मोए बाय इलाके के एक गांव में हुआ. इस इलाके में बड़ी संख्या में आंतरिक रूप से विस्थापित लोग रहते हैं.
2021 के बाद से म्यांमार में जारी है गृहयुद्ध
म्यांमार में साल 2021 में सैन्य तख्तापलट के जरिए आंग सान सू की की चुनी हुई सरकार को सत्ता से हटाए जाने के बाद से गृहयुद्ध जारी है. संघर्षों पर नजर रखने वाले संगठन ACLED के मुताबिक, इस दौरान सभी पक्षों के एक लाख से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं.
मोए बाय शहर पर सेना का कंट्रोल है, जबकि उसके आसपास के गांवों और ग्रामीण इलाकों में विपक्षी दल सक्रिय हैं.
चश्मदीदों ने क्या दी जानकारी
वहीं, न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, चश्मदीदों ने कहा, ‘मैंने नजदीक में विमान उड़ने की आवाज सुनी, लेकिन मुझे लगा कि वे हमारे इलाके पर बमबारी नहीं करेंगे. फिर मैं अपने घर के अंदर चला गया. इसके बाद मैंने बम धमाके की आवाज सुनी और हवाई हमले वाली जगह से उठता हुआ धुएं का गुबार देखा.’
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बम उस घर पर गिरा जहां दो विस्थापित लोगों की शादी की तैयारियां चल रही थीं. उन्होंने कहा कि मैं मदद करने के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा. मैं वहां 17 लाशें देखी और कई लोग घायल थे.
मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल
गांव के अन्य लोगों की तरफ से शेयर की गई तस्वीरों में 6 अलग-अलग शव दिखाई दिए. हालांकि इन तस्वीरों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल था. इस घटना पर म्यांमार की सेना से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका.
यह भी पढ़ेंः अफगानिस्तान में स्कूल के पास धमाका, 6 छात्रों की मौत और 97 घायल
