Headlines

ओडिशा बाढ़: सीएम ने किया 1000 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान


Odisha Floods: ओडिशा में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सरकार की तरफ से बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की तरफ से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 1,000 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया गया है. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को दोहराया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ जाजपुर और भद्रक जिलों के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करने के बाद यह बात कही.

ओडिशा में बाढ़ पीड़ितों को राहत

मुख्यमंत्री माझी ने हेलीकॉप्टर से यात्रा करने के बजाय स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लेने के लिए मोटरसाइकिल और नाव से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. अपने दौरे के दौरान उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण किया, प्रभावित लोगों को परोसे जा रहे पके हुए भोजन की समीक्षा की, किसानों से बातचीत की और फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया. मुख्यमंत्री माझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत की.

प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, सूखा और पका हुआ भोजन, स्वच्छ पेयजल तथा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इसके साथ ही बचाव और राहत कार्यों में भी तेजी लाई जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

युद्ध-स्तर पर छेड़ा गया अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बचाव और राहत अभियान युद्धस्तर पर जारी हैं. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को निकालने, आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने और जरूरतमंदों तक बिना किसी देरी के सहायता पहुंचाने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है. उन्होंने आगे कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, पीने का पानी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जा रही है. राज्य सरकार प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. आधिकारिक जानकारी के अनुसार, छह जिलों- बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, क्योंझर, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा के 66 ब्लॉक, 448 ग्राम पंचायतें, 1,304 गांव और 10 शहरी स्थानीय निकाय बाढ़ से प्रभावित हुए हैं. बाढ़ से 78 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जबकि 27 लाख से अधिक लोगों को अब तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *