समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव गुरुवार (22 अक्टूबर) को रामपुर का दौरा करेंगे. वो जेल में पूर्व मंत्री आजम खान से मुलाकात करेंगे, साथ ही उनके परिवार से मिलने के लिए घर पर भी जाएंगे. आजम खान अभी रामपुर जिला जेल में बंद हैं. इस मुलाकात को सियासी रूप से बेहद ही अहम माना जा रहा है. इसे AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की रविवार (19 अक्टूबर) को रामपुर में हुई रैली का असर के रूप में भी देखा जा रहा है.
AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी रविवार को रामपुर में रैली के दौरान मुस्लिम वोटर्स को एकजुट करने के प्रयास के तहत गरजे थे. इस दौरान उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर आजम खान की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया था. कुछ दिन पहले लखनऊ में आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा की पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात की बात सामने आई थी, हालांकि उन्होंने इसे पारिवारिक मुलाकात बताया था.
AIMIM नेता शादाब चौहान ने क्या कहा?
22 अक्टूबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रामपुर दौरे को लेकर AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने तंज कसते हुए कहा, ”मेरे नेता की आमद का डर अच्छा लगा. मेरे नेता ने आपको मजबूर किया. वोट दे जहीर, मजा ले परिवार का अहीर, अब ये नहीं चलेगा.”
अखिलेश यादव का 22 अक्टूबर का पूरा कार्यक्रम
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव 12:20 बजे जौहर यूनिवर्सिटी हेलीपैड पहुंचेंगे
- अखिलेश यादव 12:30 बजे कार से रामपुर जिला कारागार के लिए रवाना होंगे
- समाजवादी के प्रमुख की 12:45 पर आजम खान से जेल में मुलाकात होगी
- जेल में आजम खान से मुलाकात के बाद 1:45 बजे अखिलेश यादव उनके आवास पर पहुंचेंगे और परिवार से मिलेंगे
- अखिलेश यादव दोपहर 2:30 बजे आजम खान के घर से प्रस्थान करेंगे
- सपा प्रमुख दोपहर 2:45 बजे जौहर यूनिवर्सिटी हैलीपैड पर पहुंचेंगे और 2:55 बजे वहां से हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे
- अखिलेश यादव दोपहर 3:20 बजे बरेली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और 3:30 में प्राइवेट प्लेन से लखनऊ के लिए रवाना होंगे
- यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव शाम 4:15 बजे लखनऊ, अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे
क्या ओवैसी ने अखिलेश यादव को रामपुर आने के लिए किया मजबूर!
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रदेश में सियासी गतिविधियां तेज हैं. अखिलेश यादव के आजम खान से मिलने के लिए रामपुर आने के कार्यक्रम को आगामी यूपी विधान सभा चुनावों से जोड़ कर देखा जा रहा है. सियासी गलियारों में ऐसी चर्चा है कि ओवैसी ने आजम खान के गढ़ में चुनावी भाषण देकर मुसलमानों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है और इसी का नतीजा है कि अखिलेश यादव रामपुर आने का कार्यक्रम बनाने के लिए मजबूर हुए हैं. आगामी चुनाव के मद्देनजर मुस्लिम वोटर्स को लुभाने के लिए अलग-अलग दलों के बीच खींचतान बढ़ती नजर आ रही है.
गोरखनाथ मंदिर से निकलेगी विजयादशमी शोभायात्रा, CM योगी करेंगे अगुवाई
