चीनी यानी सिरेमिक के कप हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा हैं. चाय, कॉफी या दूध पीने के लिए ज्यादातर घरों में इनका इस्तेमाल होता है. कई लोग सालों तक एक ही कप इस्तेमाल करते रहते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या चीनी के कप की भी कोई एक्सपायरी डेट होती है?
चीनी के कप अगर अच्छी क्वालिटी के सिरेमिक या पोर्सिलेन से बने हैं, तो आमतौर पर इनकी कोई तय एक्सपायरी डेट नहीं होती. अगर कप सही हालत में है, उसमें दरार या टूट-फूट नहीं है और उसकी सतह खराब नहीं हुई है, तो उसे लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐसे में जानिए कब को बदलना कब बेहतर होता है.
कप की एक्सपायरी डेट नहीं होती
खाने-पीने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई सिरेमिक प्रोडक्ट्स में ऐसी कोई तय तारीख नहीं होती, जिसके बाद वे अपने आप खराब हो जाएं. सिरेमिक एक मजबूत और टिकाऊ मटेरियल होता है. सही तरीके से इस्तेमाल और साफ-सफाई करने पर एक कप कई साल चल सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कप हमेशा सुरक्षित रहेगा. समय के साथ इस्तेमाल, गिरने, तेज गर्मी और बार-बार धोने से कप में छोटे नुकसान हो सकते हैं.
दरार दिखे तो कप बदल दें
अगर कप में क्रेक यानी दरार दिखाई दे रही है, तो उसे बदल देना चाहिए. छोटी सी दरार भी आगे चलकर बड़ी हो सकती है और कप टूट सकता है. गर्म चाय या कॉफी डालने पर अचानक टूटने का खतरा भी बढ़ सकता है. दरार सिर्फ बाहर से दिखाई दे, तब भी उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. खासकर कप के अंदर की सतह या किनारे पर क्रेक हो तो इस्तेमाल बंद करना बेहतर है.
इसे भी पढ़ें- Kitchen Cleaning Hacks: किचन टाइल्स से तेल का दाग कैसे हटाएं? 1 घोल से 2 मिनट में साफ
किनारे से टूटा कप भी न करें इस्तेमाल
कई बार कप का सिर्फ किनारा थोड़ा सा टूट जाता है और लोग सोचते हैं कि बाकी कप तो बिल्कुल ठीक है. लेकिन ऐसे कप को इस्तेमाल करना सही नहीं है. टूटे हुए किनारे से मुंह पर चोट लग सकती है. इसके अलावा खराब हिस्सा समय के साथ और टूट सकता है. इसलिए अगर कप का पीने वाला किनारा टूट गया है, तो उसे बदल देना सबसे अच्छा विकल्प है.
रंग या डिजाइन घिसने पर क्या करें?
सिर्फ डिजाइन का हल्का पड़ जाना कप को खराब नहीं बनाता. लेकिन अगर कप की ऊपरी कोटिंग या ग्लेज निकल रही है, छिल रही है या सतह असामान्य रूप से खुरदरी हो गई है, तो उसे बदल देना बेहतर है. खासकर ऐसे कप जिनके अंदर या किनारे पर सजावटी रंग है, उन्हें निर्माता के इस्तेमाल संबंधी निर्देशों के अनुसार ही माइक्रोवेव या डिश वॉशर में रखना चाहिए.
कप की उम्र बढ़ाने के आसान तरीके
चीनी के कप को लंबे समय तक ठीक रखने के लिए उसे अचानक बहुत ज्यादा गर्म या बहुत ठंडे तापमान में न डालें. बेहद ठंडे कप में तुरंत बहुत गर्म तरल डालने से थर्मल शोक हो सकता है और कप टूट सकता है. कप को गिरने से भी बचाएं और सफाई के दौरान बहुत ज्यादा कठोर तरीके से न रगड़ें.
इसे भी पढ़ें- Bathroom Water Problem: बाथरूम का पानी बाहर आने से कैसे रोकें? 1 पट्टी से चुटकियों में हल
