जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को श्रीनगर के बेस अस्पताल पहुंचकर कुलगाम में आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल CRPF हेड कांस्टेबल सोनबीर सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी ली. उन्होंने इलाज कर रहे डॉक्टरों से जवान की स्थिति के बारे में चर्चा की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
LG मनोज सिन्हा ने बताया कि हमले में घायल दो अन्य CRPF जवानों, कांस्टेबल राकेश दास और कांस्टेबल शांतनु चंद्र की हालत स्थिर है. दोनों का इलाज कुलगाम स्थित 46वीं बटालियन CRPF यूनिट अस्पताल में चल रहा है.
आतंकी हमले की कड़ी निंदा की
उपराज्यपाल ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमले के जिम्मेदार लोगों को खोजकर न्याय के कटघरे में लाया जाएगा. उन्होंने श्रीनगर के लोक भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा स्थिति की समीक्षा भी की. मनोज सिन्हा ने कहा कि आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सुरक्षा बलों को पूरी छूट दी गई है.
आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
कुलगाम में मीर बाजार के पास दोपहर लगभग 2:15 बजे मोटरसाइकिल सवार दो आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की जांच चौकी पर गोलीबारी की, जिसमें तीन जवान घायल हो गए. इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमले के बाद फरार हुए आतंकवादियों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान शुरू कर दिया है.
राजनीतिक दलों ने की आतंकी हमले की निंदा
कुलगाम आतंकी हमले को लेकर पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती से लेकर जम्मू-कश्मीर बीजेपी अध्यक्ष सत शर्मा और अन्य नेताओं ने सीआरपीएफ जवानों पर किए गए आतंकवादी हमले की निंदा की. उन्होंने इसे इलाके में शांति और स्थिरता को बिगाड़ने की कोशिश करार दिया.
क्या बोलीं महबूबा मुफ्ती?
महबूबा ने कहा कि हिंसा के ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं और इनकी स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘ऐसे समाज में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती, जो स्थायी शांति, स्थिरता और सम्मान की चाह रखता हो.’
जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष शर्मा ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद और उसके प्रायोजकों को भारत की ओर से कड़ा जवाब मिलेगा. उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह अपनी विफलताओं और बढ़ते आंतरिक संकट से अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान भटकाने के लिए आतंकवाद का सहारा ले रहा है.
