Headlines

कुवैत एयरपोर्ट पर हमले में उज्जैन के मंजूर अहमद की मौत, भाई की शादी के लिए लौट रहे थे घर


मध्य प्रदेश के उज्जैन के रहने वाले मंजूर अहमद की कुवैत एयरपोर्ट पर हुए ईरानी हमले में मौत हो गई. एमपी में अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मंजूर अहमद करीब 30 सालों से कुवैत में टेलर का काम कर रहे थे. वे अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन कुवैत एयरपोर्ट पर हुए ईरानी हमले में उनकी जान चली गई और उनकी सारा प्लान फेल हो गया. 

मंजूर के परिवार वालों ने गुरुवार (04 जून) को बताया कि सरकारी अधिकारियों ने उन्हें उनकी मौत की सूचना दी और उनके पार्थिव शरीर के को लेकर जानकारी शेयर की. उज्जैन जिले के निवासी, 55 वर्षीय मंजूर को बुधवार (03 जून) सुबह लगभग 7.30 बजे कुवैत से मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी, जहां से उन्हें ट्रेन से अपने गृहनगर जाना था. उनके परिवार ने रेलवे स्टेशन पर मालाओं से उनका स्वागत करने की योजना बनाई थी. 8 जून को भतीजे की शादी में शामिल होने भारत आ रहे थे.

MP News: भोपाल में BU का नाम बदलने के फैसले पर पर गरमाई राजनीति, कार्य परिषद ने भेजा नया प्रस्ताव

भारतीय दूतावास से परिवार को मिली दुखद घटना की जानकारी

उन्होंने बताया कि 8 जून को पड़ोसी जिले रतलाम में अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए अपना सामान पैक कर लिया था. उनके 18 वर्षीय बेटे अनस अहमद ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को उनसे बात की थी, उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी बातचीत होगी. उनके बहनोई मोहम्मद इस्माइल ने पीटीआई को फोन पर बताया,“ बुधवार को दोपहर करीब 2:30 बजे हमें भारतीय दूतावास से फोन आया, जिसमें बताया गया कि हवाई अड्डे पर हुए हमले में मंजूर की मौत हो गई है.” 

मंजूर का शव लाने के लिए गुजरात जा रहा परिवार

इस्माइल ने शोक जताते हुए आगे कहा, “हमने स्टेशन पर उनके स्वागत की तैयारी कर रखी थी. परिवार बेसब्री से उनका इंतजार कर रहा था. घर पर उनका स्वागत करने के बजाय, अब हम उनका शव लाने के लिए गुजरात जा रहे हैं.” उन्होंने बताया कि शादी समारोह में शामिल होने के अलावा, मंजूर लंबे समय बाद कई रिश्तेदारों से मिलने के लिए उत्सुक थे. 

5 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेगा पार्थिव शरीर

परिवार के सदस्यों ने बताया कि मंजूर का पार्थिव शरीर शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद उनके रिश्तेदार शव को उज्जैन लाकर उनका अंतिम संस्कार करेंगे. मृतक टेलर के परिवार में उनकी पत्नी, एक बेटा, दो बेटियां और एक बुजुर्ग मां हैं. बहनोई मोहम्मद इस्माइल ने कहा, “हम सदमे में हैं. वह परिवार के इकलौते कमाने वाले थे. सब कुछ अचानक हो गया.” 

उज्जैन के नागदा के रहने वाले थे मंजूर अहमद

वहीं, सरकारी अधिकारियों ने कुवैत एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की मौत की पुष्टि कर दी है, लेकिन उन्होंने अभी तक पीड़ित की पहचान की पुष्टि नहीं की है. ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच बुधवार को कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में मंजूर की मौत हो गई और कई अन्य लोग जख्मी हो गए. उनके परिवार के अनुसार, कलेक्टर रौशन सिंह ने बताया, “मुझे पता चला है कि शव अहमदाबाद पहुंचेगा. वहां से सड़क मार्ग से उज्जैन लाया जाएगा. मृतक उज्जैन के नागदा का रहने वाला था.” 

कुवैत में भारत की राजदूत ने घायलों से की मुलाकात

इस बीच, कुवैत में भारत की राजदूत परमिता त्रिपाठी ने कुवैत के केंद्रीय मुर्दाघर का दौरा किया, जहां मृतक का पार्थिव शरीर रखा गया था. भारतीय दूतावास ने बताया कि उन्होंने अस्पतालों में इलाज करा रहे घायल भारतीय नागरिकों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता और समर्थन का आश्वासन दिया. दूतावास ने यह भी बताया कि राजदूत ने आपराधिक साक्ष्य विभाग के महाप्रबंधक ब्रिगेडियर अब्दुल रहीम अल-अवधी से भी मुलाकात की और कुवैती अधिकारियों द्वारा दी गई त्वरित और संवेदनशील सहायता के लिए आभार व्यक्त किया. 

दूतावास ने कहा, “दूतावास मृतक भारतीय नागरिक के परिवार के संपर्क में है और पार्थिव शरीर के शीघ्र परिवहन के लिए कुवैती अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है.” दूतावास ने इससे पहले भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया था और कहा था कि वह शोक संतप्त परिवार और घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए कुवैती अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.

कुवैत के डिफेंस मंत्रालय ने संवेदना जताई

कुवैती सेना ने कहा कि ईरानी हमलों के परिणामस्वरूप एक भारतीय प्रवासी की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. कुवैत के डिफेंस मिनिस्ट्री के आधिकारिक प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुलअज़ीज़ अल-ओतैबी ने कहा, “हम मृतक के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं और सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं.” 

वहीं, कुवैती इंटिरियर मिनिस्ट्री के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल नासिर बौस्लीब ने कहा कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 को कई दुश्मन ड्रोन हमलों का निशाना बनाया गया, जिसके बाद एक यात्री की जान चली गई. हमले में कई अन्य कर्मचारी और यात्री घायल हो गए. 28 फरवरी को ईरान और अमेरिका के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद से क्षेत्रीय संघर्ष में भारतीय मृतकों की संख्या कम से कम 10 हो गई है. 

MP News: सीहोर में अमोनिया गैस से भरे टैंकर में रिसाव, पुलिस और NDRF ने सूझबूझ से बचाई सैकड़ों जानें





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *