साउथ दिल्ली पुलिस ने इस कथित हनीट्रैप-कम-किडनैपिंग और रंगदारी के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कपल समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पीड़ित को वारदात के अगले ही दिन मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया था. पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त को पवनदीप जोशी के लापता होने की शिकायत उनके भाई ने थाना मैदान गढ़ी में दी थी. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस की जांच में सामने आया कि पीड़ित का संपर्क एक इंदु उर्फ रियू उर्फ लिसा शर्मा से एक ऑनलाइन ऐप के जरिए हुआ था. आरोप है कि इंदु ने घरेलू सामान खरीदने के बहाने उससे मुलाकात की और बाद में उसे नेब सराय स्थित अपने फ्लैट पर ले गई. पुलिस का दावा है कि फ्लैट में पहुंचने के बाद जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और उसके साथियों ने पीड़ित को घेर लिया. उसके साथ मारपीट की गई और उसे जबरन बंधक बना लिया गया.
DUSU में इस बार कौन? 18 सिंतबर को वोटिंग, मैदान में हैं ये उम्मीदवार
23 अगस्त को पुलिस ने पीड़ित को किया बरामद
इतना ही नहीं पीड़ित को उसकी ही टाटा हैरियर में बैठाकर अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया. पुलिस को उसकी लोकेशन के सुराग पलवल, आगरा और मथुरा से मिली. पुलिस टीम ने मोबाइल की लोकेशन, CDR और दूसरी तकनीकी जानकारी खंगाली. लगातार निगरानी के बाद पुलिस को पता चला कि पीड़ित मथुरा में है. इसके बाद 23 अगस्त को उसे मथुरा से सुरक्षित बरामद कर लिया गया.
पुलिस को देख आरोपियों ने की भागने की कोशिश
पीड़ित के बयान और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की. उसकी गाड़ी की पहचान कर पुलिस टीम ने निगरानी तेज कर दी. 30 अगस्त को टाटा हैरियर महिपालपुर स्थित रेडिसन होटल के पास नजर आई. पुलिस के मुताबिक गाड़ी में मौजूद लोगों ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. मौके से जितेंद्र यादव उर्फ जीतू और इंदु उर्फ रियू उर्फ लिसा शर्मा को गिरफ्तार किया गया.
दिल्ली और पलवल से 4 अन्य आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर चार और आरोपियों भानु प्रताप, अज्जू सरकार, राहुल उर्फ बिजेंद्र, नवीन उर्फ चिंटू को दिल्ली और पलवल से गिरफ्तार किया. पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने पीड़ित के बैंकिंग, UPI और कार्ड का इस्तेमाल किया. आरोप है कि उसके क्रेडिट कार्ड से सामान भी खरीदा गया. जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने पीड़ित के दस्तावेजों और निजी जानकारी का इस्तेमाल कर लोन लेने की कोशिश की.
आरोपियों के पास से मिली ये सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित की टाटा हैरियर, दो निकली पिस्तौल और चाकू, 10 ग्राम का सोने का पेंडेंट, 15 ग्राम की सोने की चेन, पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से खरीदे गए कपड़े, मोबाइल फोन, दो क्रेडिट कार्ड और एक डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई अहम सामान बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, मोबाइल फोन में पीड़ित के साथ मारपीट के वीडियो मिले है. पुलिस अब इन डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेंद्र यादव उर्फ जीतू के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज है. इनमें थाना मयूर विहार, हरि नगर, कल्याणपुरी और शकरपुर में दर्ज मामले शामिल है. उसके खिलाफ मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले भी बताए गए है. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह ने इससे पहले भी इसी तरह की कोई वारदात की थी या नही. मामले में आगे की जांच जारी है.
‘जंतर-मंतर पर प्रदर्शन नहीं होने देना है तो विकल्प बताए पुलिस’, HC सख्त
