हाल ही में दलेर मेहंदी को उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर पहुंचकर मंत्री सुबोध उनियाल ने जमकर लताड़ा. मंत्री ने दलेर पर शराब के नशे में प्रस्तुति देने का आरोप लगाया और भड़कते हुए बीच में ही कार्यक्रम रूकवा दिया. इसके बाद दलेर मेहंदी ने वहां मौजूद लोगों से माफी भी मांगी. इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. चलिए यहां जानते है कि भरी महफिल में दलेर मेहंदी को जमकर फटकार लगाने वाले मंत्री सुबोध उनियाल कौन हैं?
कौन हैं सुबोध उनियाल?
26 जुलाई 1960 को जन्में सुबोध उनियाल एक भारतीय राजनेता और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं. उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री ली है. वे वर्तमान में उत्तराखंड के संसदीय कार्य और वन मंत्री हैं, साथ ही उत्तराखंड राज्य फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भी हैं. वे टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्र नगर निर्वाचन क्षेत्र से 2017 में उत्तराखंड विधानसभा के सदस्य चुने गए थे, और 2022 में भी इसी निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुने गए. सुबोध उनियाल अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं.
सुबोध उनियाल और दलेर मेहंदी विवाद क्या है?
टिहरी के नरेंद्र नगर में कुंजापुरी मेले के दौरान दलेर मेहंदी स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे, तभी उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर आ गए. बताया जा रहा है कि गायक को नशे की हालत में देखकर मंत्री ने बीच में दखल दिया. मंत्री ने भरी महफिल में दलेर मेहंदी को लताड़ लगाते हुए पूछा, “”इतने पैसे दे कर हमने आपको बुलाया है. आप बेवकूफ बना रहे हैं हमें. ये सब आवाज निकाल रहे हैं. गलत बात है ये. ये सही नहीं है. बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे ?” उत्तराखंड के वन मंत्री ने कहा कि नवरात्रि का यह आयोजन देवी दुर्गा की पूजा के लिए था, और ऐसे मौके पर शराब के नशे में परफॉरमेंस देना बिल्कुल गलत है. इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो गया.
A video from the Kunjapuri Mela in Narendranagar, Tehri Garhwal, is drawing attention, showing Cabinet Minister and local MLA Subodh Uniyal objecting on stage during a performance by Punjabi singer Daler Mehndi. In the video, Uniyal can be heard telling him, “Bol toh jaa nahi raha, gaana kya gaoge?”
— Kumaon Jagran (@KumaonJagran) October 19, 2026
सेलेब्स ने किया दलेर मेहंदी का सपोर्ट
वहीं दलेर मेहंदी को स्टेर पर मंत्री द्वारा लताड़े जाने की वीडियो वायरल होने के बाद कपिल शर्मा से लेकर हर्षदीप कौर और बादशाह सहित कई सेलेब्स ने सिंगर का सपोर्ट किया और कहा की वे लेजेंड हैं उन्हें अपमानित नहीं किया जाना चाहिए था. वहीं मीका सिंह ने भी अपने बड़े भाई का सपोर्ट करते हुए वीडियो पोस्ट कर कहा कि अगर किसी ने कभी दलेर मेहंदी को शराब पीते हुए देखा हो तो वे गाना छोड़ देंगे. उन्होंने कहा कि दलेर पिछले दो सालों से बीमार हैं और हाल ही में उनकी सर्जरी हुई है और अब वे रिकवर हो रहे हैं.
अपने फैसले पर कायम सुबोध उनियाल
वहीं टिहरी कार्यक्रम से जुड़े विवाद के बाद, जहां संगीत जगत से दलेर मेहंदी को समर्थन मिल रहा है, वहीं उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अपने उस फैसले पर कायम हैं, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम के दौरान मंच पर ही गायक से सवाल-जवाब किए थे. उनका कहना है कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो उन्हें कार्यक्रम में आना ही नहीं चाहिए था. अपने रुख पर कायम रहते हुए, उनियाल ने मंगलवार को ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से कहा, “अगर वह शारीरिक रूप से ठीक नहीं थे, तो उन्हें कार्यक्रम में नहीं आना चाहिए था. उन्हें ऐसा वादा ही नहीं करना चाहिए था. अगर आप शारीरिक रूप से ठीक नहीं हैं, तो (परफॉर्म करके) आप खुद को ही मूर्ख बना रहे हैं. अगर आप ठीक से बोल भी नहीं सकते, तो आपको आना ही नहीं चाहिए था.”
उनियाल ने कहा, “उन्हें उस गरिमा को बनाए रखना चाहिए था जिसकी एक बड़े कलाकार से उम्मीद की जाती है, सिर्फ इसलिए कि आप एक कलाकार हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि आप लोगों को मूर्ख समझें… पैसे का भुगतान किया जा चुका था, कई लोगों के लिए फर्स्ट-क्लास टिकट बुक किए गए थे और होटलों का इंतजाम भी किया गया था. “
