सोनी टीवी का पॉपुलर क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ लंबे समय बाद अपने नए सीजन ‘क्राइम पेट्रोल: क्राइम का करेंट’ के साथ वापसी कर रहा है. इस बार शो में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन शो की होस्टिंग की कमान संभालेंगे. उन्होंने लंबे समय तक शो को होस्ट करने वाले अनूप सोनी को रिप्लेस किया है.
मेकर्स ने शेयर किया ‘क्राइम पेट्रोल’ का प्रोमो
‘क्राइम पेट्रोल’ का प्रोमो रिलीज हो गया है, जिसमें अजय देवगन समाज की अपराधिक स्थितियों पर बात करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘बचपन में हमें सिखाया जाता है अजनबियों से बचकर रहना, रात को घर का ताला लगाना, लेकिन अब जो हो रहा है और ऐसे बहुत सारे केसेस हैं, जुर्म करने वाला कोई अनजान नहीं… अपना होता है. जिन्हें हमारे घर का रास्ता भी पता होता है, कभी-कभार चाबी भी होती है और डाइनिंग टेबल पर कुर्सी भी. मतलब कई केसेस में अपना ही खून. इट्स शॉकिंग.’
अब अपराध से सतर्क करेंगे अजय देवगन
उन्होंने आगे कहा, ‘इस बार क्राइम पेट्रोल में हम ऐसे केसेस सामने लाना चाह रहे हैं जिन्होंने देश को हिला दिया. हमें घबराना नहीं है, हमें समझना है क्योंकि ये आज हो रहा है. ऐसे ही कुछ केसेस में मैं रहूंगा आपके साथ.’ मेकर्स ने प्रोमो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘इस बार मैं रहूंगा आपके साथ.’
ये भी पढ़ें:- Box Office Prediction: ‘धुरंधर 2’-‘पुष्पा 2′ को पहले दिन पछाड़ पाएगी यश की टॉक्सिक’? ये हैं इंडिया की टॉप 5 ओपनर
कब और कहां देख सकेंगे ये शो?
अपराध की सच्ची घटनाओं पर आधारित शो ‘क्राइम पेट्रोल’ का टेलीकास्ट 31 अगस्त 2026 से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा. दर्शक इसे सोनी लिव पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, शो के पहले 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी हो चुकी है. बता दें कि ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन के साथ अजय देवगन छोटे पर्दे पर अपना होस्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं.
अजय देवगन ने ली अनूप सोनी की जगह
गौरतलब है कि अनूप सोनी कई सालों तक ‘क्राइम पेट्रोल’ को होस्ट करते नजर आए हैं. उन्होंने 2010 से 2018 तक इस शो की कमान संभाली थी. इस दौरान शो में बोला जाने वाला उनका ‘सावधान रहें, सतर्क रहें’ डायलॉग भी काफी पसंद किया गया. अब इतने लंबे समय बाद अजय देवगन उनकी जगह शो को होस्ट करते दिखेंगे. उनके लिए ये एक नई और बड़ी जिम्मेदारी होगी.
ये भी पढ़ें:- Monday Box Office: मंडे को ‘स्पाइडर मैन’ का बिगड़ा खेल, ‘ओह माय डॉग’ भी हुई फेल, जानें- ‘जना नायकन’-‘धमाल 4’ का कलेक्शन
