उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस मंच से भाषण दिया, उसके शुद्धिकरण को लेकर विवाद गहरा गया है. उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी से लेकर पार्टी की सीनियर नेता प्रियंका गांधी ने रिएक्शन दिया है. उन्होंने पीएम मोदी से माफी मांगने और आरएसएस पर निशाना साधा है. इसके अलावा कांग्रेस ने देश भर में इसके विरोध में सत्याग्रह करने का ऐलान किया है.
कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए ऐलान किया, ‘हल्द्वानी की घटना के विरोध में और मल्लिकार्जुन के समर्थन में कांग्रेस 14 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय मार्च और सत्याग्रह करेगी.’
District-Level March and Satyagraha on 14th August, 2026 against the Haldwani incident and in solidarity with Hon’ble Congress President Shri @kharge. pic.twitter.com/YarBBDDKlU
— Congress (@INCIndia) August 13, 2026
प्रियंका गांधी ने पूरे विवाद पर कहा, ‘हल्दवानी, उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी की जनसभा के बाद उस स्टेज का शुद्धिकरण करना, बीजेपी और आरएसएस की मानसिकता का प्रदर्शन है. इससे पता चलता है कि इनकी विचारधारा क्या है. प्रधानमंत्री जी को इसका खंडन करना चाहिए. माफी मांगनी चाहिए.’
वहीं, इस पूरे मामले पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ‘मैं इस बात को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता. मैंने कभी किसी से यह नहीं कहा है कि मैं दलित हूं. मेरी रक्षा करो. न ही किसी के सामने गिड़गिड़ाया. मुझ में लड़ने की शक्ति है. मैं लड़ता हूं. लेकिन हल्द्वानी में स्टेज का शुद्दिकरण कर मुझे Untouchability का एहसास कराया गया और मेरा अपमान किया गया.’
खरगे ने मांग की, कि हल्द्वानी में जिन लोगों ने स्टेज का शुद्धिकरण किया, उनपर Untouchability Act के तहत केस दर्ज हो और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएं.
बीजेपी के जेपी नड्डा ने कहा- यह एक दुखद घटना है
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने राज्यसभा में इस पूरे मुद्दे पर कहा, ‘यह न सिर्फ कांग्रेस के लिए, बल्कि हम सभी के लिए बहुत दुखद घटना है. बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती है. हम इसकी जांच करेंगे. मैं इस घटना की निंदा करता हूं.’
कांग्रेस के अन्य नेताओं ने क्या दिया रिएक्शन?
कांग्रेस सांसद दिपेंद्र हुड्डा ने कहा, ‘हम बीजेपी की कड़ी से कड़ी निंदा करते हैं. उत्तराखंड में, वे उसी मैदान के ‘शुद्धिकरण’ की बात कर रहे हैं जहां हमारे कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा की थी. उन्हें खुद पर बहुत शर्म आनी चाहिए. उन्हें शर्म से सिर झुका लेना चाहिए. उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी कम होगी.’
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, ‘यह बहुत गलत बात है. राजनीति में इस स्तर तक गिरना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है. अगर खड़गे जी दलित हैं. उन्होंने जनसभा को संबोधित किया. तो उत्तराखंड में शुद्धिकरण अनुष्ठान करने की बात क्यों हो रही है? इससे ज्यादा अपमानजनक कुछ नहीं हो सकता. यह बहुत शर्मनाक हरकत है. मुख्यमंत्री धामी अबतक चुप हैं. उन्हें इस पर बोलना चाहिए.’
हल्द्वानी में कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, ‘यह बीजेपी आरएसएस सरकार और उनकी विचारधारा के लिए शर्म की बात है. एक तरफ तो तिरंगा यात्रा निकालने और प्रचार प्रासर करने की बात करते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ हमारे नेता और विपक्ष के नेता के मामले में समानता के उस सिद्धांत का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है. इसकी गारंटी हमारा संविधान देता है. जिसे देश और दुनिया मानती है. उत्तराखंड को देखिए, जो बीजेपी शासित राज्य है और जहां वे बड़े-बड़े दावे करते हैं. उसी जगह पर, जहां खड़गे जी और हम सबने रैली की थी, वे शुद्धिकरण कर रहे हैं. यह कैसा ‘शुद्धिकरण’ है? असल में उत्तराखंड को शुद्धिकरण की जरूरत है. ऐसी विचारधारा, ऐसी सोच और ऐसी घटिया मानसिकता से शुद्धिकरण की. उत्तराखंड को इस बात से भी मुक्त करने की जरूरत है कि ऐसे लोग वहां सत्ता में हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं होने पर भी कोई कार्रवाई नहीं करते.’
