Headlines

गर्मी का ‘द एंड’! अगले 4 दिन झूमकर बरसेंगे बादल, दिल्ली-यूपी समेत जानें देश के मौसम का हाल


देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 4 से 5 दिनों के लिए कई राज्यों में भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well Marked Low Pressure Area) अगले तीन दिनों में ओडिशा और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा.

इसके असर से मध्य भारत, उत्तर भारत और पश्चिमी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी. दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली में चार दिन तक बारिश, तापमान में होगी गिरावट

IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 4 से 7 जुलाई तक मौसम सुहावना बना रहेगा. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर देखने को मिल सकते हैं. 4 जुलाई को दोपहर और शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

अगले दिन रविवार (5 जुलाई, 2026) को भी हल्की बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 6 जुलाई को सुबह और शाम दो दौर की बारिश होने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. 7 जुलाई को भी हल्की बारिश की संभावना है और अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. यानी अगले चार दिनों में दिल्लीवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं.

उत्तर प्रदेश में कई दिनों तक बारिश का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 जुलाई तक और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 8 से 10 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 9 और 10 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 

बारिश के साथ कई स्थानों पर गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है.

मुंबई में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जलभराव की आशंका

मौसम विभाग ने कोंकण और गोवा में 4 से 7 जुलाई तथा मध्य महाराष्ट्र में 4 से 6 जुलाई तक भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसका असर मुंबई और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलेगा.

लगातार तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका है. कई स्थानों पर 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. लोगों को समुद्र किनारे जाने से बचने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है.

इन राज्यों में भी भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के अलावा गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, ओडिशा, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात क्षेत्र, कोंकण-गोवा, सौराष्ट्र-कच्छ और ओडिशा के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं बेहद भारी बारिश हो सकती है.

IMD ने लोगों को दी ये सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, सड़क यातायात प्रभावित होने, नदियों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन जैसी घटनाओं की आशंका जताई है. लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने, जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है.

साथ ही गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मछुआरों को अगले कुछ दिनों तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. 

यह भी पढ़ेंः PM Modi Inauguration: PM मोदी का राजस्थान को बड़ा तोहफा, पचपदरा में ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का किया उद्घाटन



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *