Headlines

गाजियाबाद: अब डेयरी संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, गोली मारकर कार में ले गए बदमाश, पुरानी रंजिश का आरोप


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लोनी थाना क्षेत्र के गनौली गान में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आयी है. यहां 44 वर्षीया डेयरी संचालक ओमकार पर खड़खड़ी रेलवे अंडरपास के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की गयी. जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली लगने के बाद बदमाश घायल ओमकार को कार में डालकर फरार हो गए.

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ओमकार की तलाश शुरू कर दी है, इस कांड के पीछे 2025 में हुई एक हत्या का बदला बताया जा रहा है. पुलिस कार्रवाई से नाराज परिजनों ने ख़ासा हंगामा किया. गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है.

यह भी पढ़ें: इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर अनुपम पाण्डेय बने UPPSC के सदस्य, राज्यपाल ने दी नियुक्ति

क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के मुताबिक, ओमकार घर से जानवरों के लिए चारा लेने मोटर साइकिल से निकला था. वहां अंडर पास के पास पहले से घात लगाए बैठे 3 से 4 हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ओमकार के पेट में गोली लगी और वह गिर पड़े. बदमाशों ने उन्हें घसीटकर कार में डाल लिया और लोनी- टीला रोड की ओर फरार हो गए.

मौके से ओमकार की बाइक, चप्पल और खून के निशान बरामद हुए हैं, जबकि कुछ दूरी पर और गोलियों के निशान भी मिले हैं. आशंका जताई जा रही कि बदमाशों ने ओमकार को हिंडन नदी में फेंक दिया है, जैसा कि 2025 में भी हुआ था.

हत्या का बदला और गांव की पंचायत का बदला 

यहां बता दें कि गनौली गांव बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर का है. यहां 2025  में अंकुर नामक युवक की हत्या कर हिंडन नदी में शव फेंक दिया गया था. इस मामले में शैंकी नामक युवक गिरफ्तार हुआ था. आरोप था कि अंकुर की बहन से उसके संबंध थे.

हाल ही में शैंकी जेल से छूटकर आया तो अंकुर के दोस्त देवांश (ओमकार का पुत्र) ने उसका स्वागत किया, मिठाई खिलाई और सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया. इससे अंकुर के दोस्त नाराज हो गए.इस बीच 20 मई को देवांश पर हमला और जान से मारने की धमकी का भी आरोप लगा. शुक्रवार को इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई, जिसमें ओमकार ने अंकुर के दोस्त गोपाल और उसके पिता को थप्पड़ मार दिए. जिसके बाद गोपाल इस बेइज्जती से भड़का हुआ था.

हत्या की पहले से प्लानिंग 

पुलिस के मुताबिक गोपाल इस अपमान से भड़का हुआ था, जिस पर उसने पहले से प्लान बनाकर हमला किया क्यूंकि उसके परिवार के लोग पहले ही गांव छोड़ चुके थे. डीसीपी ग्रामीण  सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि इस हत्याकांड में कम से तीन लोग शामिल हैं. पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें ओमकार की तलाश में जुटी हैं. इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

उधर ओमकार की हत्या की खबर से ग्रामीणों में गुस्सा भर गया है, उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है और जाम लगाकर प्रदर्शन किया. परिजनों का आरोप है कि अगर देवांश की शिकायत पर कार्रवाई की जाती तो ये घटना नहीं होती.

यह भी पढ़ें: UP News: सड़क हादसा नहीं 9 करोड़ की जमीन के लिए की थी वारिस अली की हत्या, सरकारी शिक्षक समेत 3 गिरफ्तार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *