लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने शनिवार को कई नेताओं को पार्टी में शामिल कराया. इस दौरान उनसे गोरखपुर में बच्चे की मौत को लेकर सवाल किया गया. इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर पर आज प्रेस नहीं करूंगा. दो दिन के शोक के बाद प्रेस करूंगा.
इस दौरान गाजीपुर और मऊ की राजनीति में सक्रिय रहे बीजेपी नेता उत्पल राय ने समाजवादी पार्टी का दामन थामा. वहीं गाजियाबाद से ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और रेउसा ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
लखनऊ में सपा चीफ ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इन नेताओं का पार्टी ज्वाइन कराई. सपा चीफ अखिलेश यादव ने उत्पल राय की ज्वाइनिंग पर कहा, “ब़डी संख्या में लोग समाजवादी पार्टी से जुड रहे हैं. कमल छोड कर कमल हमारे साथ आ गए. उत्पल का मतलब कमल है. अब तो कमल और मुर्झा जाएगा. हमारे यहां तो लोग विदाई में भी राधे-राधे करते हैं.
अनिल कसाना और अवधेश चौहान को लेकर क्या बोले अखिलेश यादव
सपा प्रमुख ने आगे कहा, “अनिल कसाना के आने से भी ताकत मिली है. अनिल कसाना का इलाका दिल्ली जैसे लगता है. गाज़ियाबाद और लोनी विधानसभा के सभी वादे सरकार बनने पर पूरा करेंगे.” वहीं अवधेश चौहान को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि इनको कल ही बुलाया. इन्होंने मन पहले से ही बना लिया था. इनके आने से सीतापुर मजबूत होगा. अवधेश चौहान को जितना समय मिला उतने में ही पूरी तैयारी से आ गए. इनके आने से सीतापुर मे बीजेपी शून्य होने वाली है. जो भी अवधेश हैं, सब जीत रहे हैं.
उन्होंने बताया कि इनके साथ बड़ी संख्या में बीडीसी मेंबर भी आए हैं. सबका स्वागत और बधाई है. अपने साथियों को भरोसा दिलाते है कि आपके साथ कभी अन्याय नहीं होने देंगे. जब भी मौका मिलेगा अग्निवीर खत्म करेंगे. आज न्याय मिलना और सम्मान पाना सबसे बड़ा संकट का विषय है. ये सब बीजेपी के कारण हो रहा है. बीजेपी हटेगी, संकट मिटेगा.
युवाओं से सुझाव के लिए वेबसाइट लॉन्च
इस दौरान एक वेबसाइट भी लॉन्च की गई. अखिलेश यादव ने बताया कि ‘akhileshsunrahehain.com’ एक website लॉन्च हो रही है. युवाओं के क्या सुझाव हैं, वो इस पर लिए जाएंगे. ‘अखिलेश सुन रहे हैं’ नाम से वेबसाइट की शुरुआत की गई. युवाओं के इनपुट के लिए वेबसाइट, रोजगार, शिक्षा, कौशल तकनीक एवं अन्य मुद्दों और युवा संवाद के लिए वेबसाइट बनाई गई.
अवधेश चौहान ने अखिलेश को बताया बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष
बता दें कि इस पीसी के दौरान अवधेश चौहान ने अपने संबोधन में अखिलेश यादव को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कह दिया. इस पर अखिलेश ने कहा, “PDA है गलती हो जाती है. फिर अवधेश चौहान ने सुधार कर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कहा.
सपा ज्वाइन करने के बाद उत्पल राय ने कहा, “मेरे रक्त में समाजवाद था. मैं जब पैदा हुआ तो पिता के साथ समाजवाद देखा. कुछ फरेब से बीजेपी में चला गया. अब अपने पुराने परिवार में आ गया हूं. लड़के आग में जल रहे हैं, जिनको नौकरियां नहीं मिल रही. अनिल कसाना ने कहा, “2016 से 2026 तक बीजेपी में रहा. वहां मान सम्मान नहीं मिला और जहां मान सम्मान नहीं, वहां राजनीति कर के क्या करेंगे.
सहारनपुर में मस्जिदों को नोटिस पर सियासत, ओवैसी-चंद्रशेखर ने डीएम को दिया ज्ञापन
