कटहल की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी इसके कोफ्ते बनाकर देखे हैं? अगर घर में कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाने का मन है, तो कटहल के कोफ्ते एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं. बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से नरम कोफ्ते जब मसालेदार ग्रेवी में डाले जाते हैं, तो इनका स्वाद और भी बढ़ जाता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी खास या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती.
कटहल को आमतौर पर सब्जी के रूप में इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसकी मदद से कोफ्ते भी बेहद स्वादिष्ट बनते हैं. सही मसालों का चयन और ग्रेवी की अच्छी तैयारी इस डिश को खास बना देती है. इसे आप रोटी, पराठे, पूरी या चावल के साथ परोस सकते हैं. ऐसे में जानिए इस स्वादिष्ट सब्जी की आसान रेसिपी के बारे में.
कोफ्ते बनाने के लिए सामग्री
सबसे पहले कच्चा कटहल लें और उसे साफ करके छोटे टुकड़ों में काट लें. इसके बाद कटहल को उबालकर नरम कर लें. अब इसे अच्छी तरह मैश कर लें. इसमें बेसन, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, धनिया पत्ती, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें. सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें. अगर मिश्रण ज्यादा नर लग रहा हो तो थोड़ा और बेसन मिलाया जा सकता है. अब हाथों पर हल्का तेल लगाकर इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोल कोफ्ते बना लें.
यह भी पढ़ें: Mushroom Handi: विटामिन D से भरपूर मशरूम हांडी कैसे बनाएं? नोट कर लीजिए रेसिपी
ऐसे तैयार करें सुनहरे कोफ्ते
एक कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल पर्याप्त गर्म होने पर कोफ्तों को धीरे-धीरे इसमें डालें. इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और हल्का कुरकुरा होने तक तलें. कोफ्तों को बहुत तेज आंच पर तलने से बाहर की परत जल्दी गहरी हो सकती है, जबकि अंदर से वे अच्छी तरह नहीं पकेंगे. ऐसे में इन्हें मध्यम आंच पर तलना बेहतर होता है. तले हुए कोफ्तों को प्लेट में निकालकर कुछ देर के लिए अलग रख दें.
मसालेदार ग्रेवी से बढ़ेगा स्वाद
ग्रेवी के लिए कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें जीरा डालकर चटकने दें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और कुछ देर पकाएं. इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें. इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भूनें. जब मसाले से तेल अलग होने लगे, तब जरूरत के अनुसार पानी डालें और ग्रेवी को कुछ मिनट पकने दें. ग्रेवी तैयार होने पर इसमें तले हुए कटहल के कोफ्ते डालें. इन्हें धीमी आंच पर कुछ मिनट पकाएं, ताकि कोफ्तों में ग्रेवी का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए. आखिर में गरम मसाला और ताजा धनिया डालकर गैस बंद कर दें.
यह भी पढ़ें: How To Make Kunafa At Home: घर पर कैसे बनाएं अरब का फैमस कुनाफा? स्वाद का दीवाना हो जाएगा पूरा परिवार
