नई दिल्ली के जंतर मंतर पर चल रहे सीजेपी के विरोध प्रदर्शन के बीच माहौल एक बार फिर गरमा गया है. यहां एक बार फिर बवाल की खबर है. बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों और दिल्ली पुलिस के बीच झड़प हुई है. यहां कुछ अराजकतावादियों ने पत्थरबाजी भी की है. पुलिस ने यहां आंसू गैस के गोले भी छोड़े हैं. साथ ही लाठीचार्ज किया है. अब सवाल है कि धरना स्थल पर पत्थर कहां से आए हैं. हमले में दिल्ली पुलिस के दो एसीपी जिनमें एसीपी विवेक भगत भी शामिल हैं, इनके अलावा 2 इंस्पेक्टर और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं. साथ ही झड़प में दिल्ली पुलिस के कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं.
प्रदर्शनस्थल के पास पार्क होटल के सामने प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घेर लिया था. जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों को छुड़ाने के लिए पहुंचे ACP विवेक भगत इसी दौरान घायल हो गए. बताया जा रहा है कि उनके सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे उन्हें चोट आई. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है.
सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे के आसपास इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने का संदेश भी जारी हुआ. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस की मौजूदगी लगातार बढ़ाई गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. स्थिति पर पुलिस की कड़ी नजर है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है.
ताजा जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे, कनॉट प्लेस में टॉलस्टॉय मार्ग के पास कुछ लोगों ने पुलिस पर पत्थरों और बोतलों से हमला किया, जिसमें ACP कनॉट प्लेस विवेक भगत घायल हो गए. सीनियर अधिकारी उन्हें RML हॉस्पिटल ले गए. कुछ मिनट के लिए हालात तनावपूर्ण थे, लेकिन अब शांति है
इधर, कांग्रेस ने बयान जारी किया है. कांग्रेस ने कहा है कि जंतर मंतर के आसपास इंटरनेट बंद कर दिया है. यह एक तरह से अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है. इधर, आप नेता संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, जेएमएम सांसद महुआ माजी जंतर-मंतर पर सीजेपी के विरोध प्रदर्शन में पहुंचे हैं. फिलहाल ताजा जानकारी के मुताबिक, हालात सामान्य बताए जा रहे हैं.
Jantar Mantar
Unrest and Stone Pelting.
22.7.2026 pic.twitter.com/0X627wuZo4
— Shivank Mishra (@shivank_8mishra) July 22, 2026
पुलिस के सूत्रों ने क्या जानकारी दी है?
एबीपी न्यूज को मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली इलाके में नेट बन्द होने के बावजूद जंतर मंतर और कनॉट प्लेस के इलाके टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ पर सबसे ज्यादा मैसेजिंग हो रही है. नेटवर्क कनेक्शन और एसएमएस इन इलाकों में सबसे ज्यादा एक्सचेंज किए जा रहे है. क्या जंतर मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों की तरफ से नई दिल्ली में मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिंसा का आदेश दिया जा रहा है? साजिश के ऐसे सबूत मिल रहे है जिनपर पुलिस की अलग तफ्तीश जारी है.
सूत्रों की मानें तो टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए. सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके. इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. यहां RAF की टीम और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात थे. बड़े-बड़े पत्थर पुलिस और RAF की टीम पर बरसाए गए. कुछ प्रदर्शनकारियों ने डंडो से भी पुलिस पर हमला किया. भीड़ को बेकाबू के लिए पुलिस ने एक्शन लिया. इस दौरान 2-3 आंसू गैस के गोले भी छोड़े. भीड़ को काबू में किया. फिलहाल घटना क्यों हुई है, यह जांच का विषय है. इसके अलावा अबतक सीजेपी की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है.
विरोध प्रदर्शन को कुचलने के लिए उठाया गया कदम: कांग्रेस
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पीएम मोदी ने जंतर-मंतर के आस-पास इंटरनेट बंद कर दिया है. इससे भारी अफरा-तफरी मची है. यह अभिव्यक्ति की आजादी पर सीधा हमला है. इसका मकसद भारत के युवाओं की आवाज को दबाना और दिल्ली पुलिस की बर्बरता को छिपाना है. मिस्टर मोदी, सावधान हो जाइए- युवाओं के इस विरोध-प्रदर्शन को कुचलने के लिए उठाया गया कोई भी गलत कदम बेहद विनाशकारी साबित होगा और जनता आपको ऐतिहासिक सजा देगी.
अपडेट जारी है…
