Headlines

जंतर-मंतर में नहीं कर पाएंगे प्रदर्शन तो इस जगह शुरू होगा आंदोलन? CJP ने दिए संकेत


कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लोग लगातार लोगों से मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में इकट्ठा होने की अपील कर रहे हैं. पार्टी की ओर से उन लोगों से यहां पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है, जो दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाए. इस बीच, अगस्त क्रांति मैदान के बाहर पुलिस का बंदोबस्त बढ़ाया जा रहा है. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही है.

दरअसल, जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक सौरव दास तथा आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया. तीनों को दिल्ली आ रहे विमान में लैंड होने के बाद हिरासत में लिया गया.

पुलिस के विमान में प्रवेश करने के दौरान विमान के भीतर रिकॉर्ड किए गए वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा, ‘आपातकाल के दौरान इंदिरा गांधी ने भी ऐसा नहीं किया था. यह उससे भी बदतर स्थिति है और हम सभी गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं.’

वहीं, पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने आरोप लगाया कि अधिकारी बल प्रयोग करके संवैधानिक तरीके से किए जा रहे आंदोलन को रोकने की कोशिश कर रहे हैं.

दिल्ली में हिरासत की कार्रवाई के बाद मुंबई में जुटने की अपील

CJP के मुताबिक, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान उतरते ही पुलिस ने एयर इंडिया के विमान को रोककर अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को विमान के भीतर ही हिरासत में ले लिया.

पार्टी का कहना है कि कड़ी बैरिकेडिंग, इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हिरासत की कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रहेगा. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल नहीं हो पाने वालों से मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में जुटने की अपील की जा रही है. मैदान के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई जा रही है.

ध्रुव राठी समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारियों को हिरासत में लेने का दावा

पार्टी की ओर से जारी बयान में दावा किया गया है कि इन्फ्लुएंसर और सामाजिक कार्यकर्ता ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया गया.

CJP के कानूनी विभाग की प्रमुख रत्ना सिंह को भी दिल्ली स्थित उनके घर के आसपास पुलिस की गाड़ियां खड़ी किए जाने के बाद हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है. पार्टी ने अपनी प्रवक्ता मेहर को तड़के उनके आवास से हिरासत में लिए जाने का भी दावा किया है.

पार्टी के अनुसार, उसके 1,000 से अधिक स्वयंसेवकों, कार्यकर्ताओं और शांतिपूर्ण नागरिकों को सीमा क्षेत्रों, परिवहन केंद्रों और आसपास की सड़कों से हिरासत में लिया गया है. पार्टी ने यह भी दावा किया कि स्थानीय स्टेडियमों को अस्थायी हिरासत केंद्रों में बदला जा रहा है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *