जम्मू में शुक्रवार (24 जुलाई) को थोड़ी देर मौसम ठीक रहने के बाद शनिवार (25 जुलाई) को जम्मू-कश्मीर में फिर से कई जगहों पर बारिश हो रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 5 दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़, भूस्खलन, मिट्टी धंसने की संभावना है.
शुक्रवार को एक हफ्ते के बाद जम्मू में मौसम सामान्य रहा. लेकिन शनिवार शुरू होते ही जम्मू-कश्मीर के अधिकतर इलाकों में फिर से बारिश शुरू हो गई. मौसम विभाग की माने तो शनिवार को कश्मीर डिवीजन के ज्यादातर इलाकों और जम्मू डिवीजन के कई इलाकों में बारिश का दौर दोपहर बाद तक रुक-रुक कर जारी रहने की संभावना है, उसके बाद मौसम में सुधार होगा.
26 और 27 जुलाई को कई जगहों पर भारी बारिश और तूफान की संभावना
वहीं 26 और 27 जुलाई को कई जगहों पर भारी बारिश, तूफान के साथ हो सकती है. मौसम विभाग ने हनुमान जताया है कि इन दो दिनों में जम्मू डिवीजन के कुछ इलाकों में, खासकर दोपहर, शाम और सुबह-सुबह के समय, कुछ देर के लिए तेज बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 28 से 31 जुलाई तक ज़्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तूफान के साथ बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं. जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में देर रात, सुबह और दोपहर, शाम के समय भारी बारिश, कुछ देर के लिए तेज भारी बारिश की संभावना है.
खराब मौसम के चलते 6 दिन बाद फिर शुरू हुई अमरनाथ यात्रा, 6,269 श्रद्धालु बालटाल मार्ग से रवाना
अगले 5 दिनों में कुछ जगहों पर अचानक बाढ़, भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि जम्मू-कश्मीर में 28-31 जुलाई के दौरान जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में भारी बारिश, कुछ देर के लिए तेज भारी बारिश की संभावना है. ‘अगले 5 दिनों के दौरान कुछ संवेदनशील जगहों पर अचानक बाढ़, भूस्खलन, मिट्टी धंसने की संभावना है’. मौसम विभाग ने पूर्व अनुमान लगाया है और साथ ही आम जनता, पर्यटको, यात्रियों, ट्रांसपोर्टरों को सलाह दी है कि वे प्रशासन की सलाह का पालन करें.
गौरतलब है कि शुक्रवार को मौसम ठीक रहने के बाद शनिवार को जम्मू से 6 दिनों के बाद अमरनाथ यात्री श्रीनगर के लिए रवाना हुए. वही 6 दिनों के अंतराल के बाद माता वैष्णो देवी और शिवखोड़ी की यात्रा भी शुरू कर दी गई. लेकिन, खराब मौसम के चलते किश्तवाड़ जिले की मचैल माता की यात्रा 27 जुलाई तक सस्पेंड है.
