Headlines

जया पाल को RDX से उड़ाने की धमकी! रेकी का भी आरोप, CM योगी से गुहार


उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह रहे अधिवक्ता उमेश पाल और उनकी सुरक्षा में तैनात दो सरकारी गनर की 24 फरवरी 2023 को नृशंस हत्याकर दी गई थी. कचेहरी से घर लौटने के दौरान सुलेम सराय में घर के सामने गोलियों और बमों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया था. इस हमले में दो सरकारी गनर की भी मौत हो गई थी.

अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या माफिया अतीक अहमद के इशारे पर उसके गुर्गों और तीसरे नंबर के बेटे असद ने की थी. इस मामले में 25 फरवरी 2023 को अधिवक्ता उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने धूमनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. उमेश पाल व दो सरकारी गनर शूटआउट केस का ट्रायल प्रयागराज की एससी- एसटी कोर्ट में चल रहा है. 

यह भी पढ़ें: ‘याद रखेगा यूपी’ अकाउंट के खिलाफ कोर्ट पहुंची सपा, 1000 AI वीडियो का दावा

सुरक्षा के लिए लगाई गुहार 

इन दिनों अदालत में जया पाल की जिरह चल रही है. लेकिन जया पाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर मीडिया से गुहार लगाई है. उन्होंने कहा है कि उन्हें पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई गई है. लेकिन इसके बावजूद उनकी अज्ञात वाहनों से रेकी की जा रही है. इसके साथ ही साथ सोशल मीडिया पर भी उन्हें धमकी भी दी जा रही है.  उन्हें भी पति की तरह आरडीएक्स बम से उड़ाने की धमकी सोशल मीडिया पर दी जा रही है. 

‌जया पाल का कहना है कि इस मामले की जानकारी उन्होंने केस की सुनवाई कर रही अदालत के साथ ही साथ पुलिस के आला अधिकारियों को भी दी है. जया पाल ने कहा है कि उनके पति उमेश पाल और दो सरकारी गनर शूटआउट के तीन आरोपी शूटर बमबाज गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान बिहारी फरार हैं. जिन पर शासन ने 5-5 लाख का इनाम घोषित किया है.

अतीक के कुनबे से जान का खतरा 

इसके अलावा अतीक गैंग को संचालित करने वाली उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन, अशरफ की पत्नी जैनब फातिमा और बहन आयशा नूरी भी फरार है. इन तीनों के खिलाफ भी 50-50 हजार का इनाम घोषित है. जयपाल का कहना है कि इसके अलावा माफिया अतीक अहमद के दो बेटे मोहम्मद उमर और अली अहमद जेल में बंद है. जबकि तीसरा बेटा एहजम जेल से बाहर है. जया पाल ने अतीक अहमद के कुनबे से भी अपनी जान को खतरा बताया है. 

जया पाल ने कहा है कि उन्होंने पुलिस में भी तहरीर दी है. लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा नहीं दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हालांकि जया पाल का कहना है की अदालत में मुकदमे की पैरवी करने जाने के दौरान पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई है. ‌ लेकिन इसके बावजूद रेकी किए जाने और सोशल मीडिया पर धमकी दिए जाने से जया पाल बेहद डरी हुई हैं.

सीएम योगी से सुरक्षा की गुहार लगाई

जया पाल ने शासन प्रशासन और खास तौर पर सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले में दखल देते हुए जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. जया पाल ने एक सितंबर को कोर्ट जाने के दौरान काले रंग की थार कार से रेकी किए जाने का सीसीटीवी फुटेज भी शेयर किया है.

यह भी पढ़ें: यूपी रोडवेज बस ने दो बाइक सवारों को रौंदा, बच्ची समेत 5 की मौत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *