भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी पृथ्वी शॉ इन दिनों अपनी मंगेतर आकृति अग्रवाल के साथ जापान में छुट्टियां मना रहे हैं. दोनों लगातार सोशल मीडिया पर अपनी ट्रिप की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर रहे हैं. इसी बीच उनका एक मजेदार वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली. वायरल वीडियो किसी रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है. वीडियो में आकृति अग्रवाल जापानी भाषा में लिखे साइनबोर्ड को देखकर कहती हैं कि यहां कुछ भी अंग्रेजी में नहीं लिखा है और उन्हें सिर्फ दो चीजें ही समझ आ रही हैं.
इसके बाद पृथ्वी शॉ उन्हें बताते हैं कि बोर्ड पर अंग्रेजी में भी जानकारी दी गई है. इस पर आकृति हंसते हुए कहती हैं, “हम इतने गंवार हैं कि समझ ही नहीं आ रहा.” तभी पृथ्वी शॉ मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं, “हम नहीं.” इस पर आकृति तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहती हैं, “मैं.” दोनों की यह बातचीत सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रही है.
मार्च में हुई थी दोनों की सगाई
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने मार्च 2026 में सगाई की थी. दोनों ने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीरें साझा कर अपने रिश्ते को आधिकारिक बनाया था. इससे पहले पिछले साल गणेश चतुर्थी के दौरान पृथ्वी ने आकृति के साथ तस्वीर पोस्ट की थी, जिसके बाद दोनों की डेटिंग की चर्चाएं शुरू हुई थीं. आकृति अग्रवाल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर होने के साथ-साथ मॉडल और कंटेंट क्रिएटर भी हैं. दोनों की जोड़ी सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा में रहती है.
दलीप ट्रॉफी में दिखेंगे पृथ्वी शॉ
जापान से लौटने के बाद पृथ्वी शॉ घरेलू क्रिकेट में अपनी वापसी पर फोकस करेंगे. 23 अगस्त से शुरू होने वाली दलीप ट्रॉफी के लिए उन्हें वेस्ट जोन टीम में शामिल किया गया है. इस टीम की कप्तानी रुतुराज गायकवाड़ करेंगे.
पृथ्वी ने हाल ही में मुंबई छोड़कर घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र की ओर से खेलने का फैसला किया था. वहीं आईपीएल 2026 में वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे, लेकिन पूरे सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला.
