राजस्थान में अपराध की रोकथाम और युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए डूंगरपुर पुलिस ने एक ऐसी शानदार मिसाल पेश की है, जो अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है. डूंगरपुर राजस्थान का ऐसा पहला जिला बन गया है, जहां ‘वागड़ वीर युवा CLG’ (Community Liaison Group) का गठन किया जा रहा है. जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मनीष कुमार (IPS) के नेतृत्व में आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम के जरिए युवाओं को पुलिस प्रशासन के साथ सीधे जोड़ने की ऐतिहासिक शुरुआत हुई है.
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चुने गए ये युवा अब केवल आम नागरिक नहीं रहेंगे, बल्कि कानून व्यवस्था को सुधारने में पुलिस के अहम मददगार बनेंगे. पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा और महानिरीक्षक पुलिस (IG) गौरव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है. इसका सीधा मकसद युवाओं को समाज सेवा से जोड़ना और अपराध व नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराइयों पर करारा प्रहार करना है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जयपुर में जश्न, शहीद स्मारक पर फिल्मी गानों पर थिरके युवा
‘ऑपरेशन संस्कार’ से रुकेगी साइबर ठगी और रैश ड्राइविंग
इस विशेष पहल के तहत पुलिस और आमजन के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा. ‘वागड़ वीर’ से जुड़े युवा पुलिस के साथ मिलकर कई मोर्चों पर काम करेंगे. सड़कों पर जानलेवा बाइक स्टंट और रैश ड्राइविंग पर लगाम लगाना. समाज में व्याप्त कुरीतियों को रोकने के लिए ‘ऑपरेशन संस्कार’ को प्रभावी ढंग से लागू करना. साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए बड़े पैमाने पर जन-जागरूकता अभियान चलाना.
युवाओं को मिलेगा पुलिस का प्रशंसा पत्र (Certificate)
‘वागड़ वीर युवा CLG’ से जुड़ने वाले युवाओं को केवल समाज सेवा का ही मौका नहीं मिलेगा, बल्कि उनके व्यक्तिगत विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा. इससे युवाओं में लीडरशिप क्वालिटी, टीमवर्क और प्रॉब्लम सॉल्विंग स्किल्स का विकास होगा. क्षेत्र में बेहतरीन काम करने वाले युवाओं को पुलिस विभाग द्वारा आधिकारिक प्रशंसा पत्र (Certificate) भी प्रदान किया जाएगा.
यही वजह है कि इस मुहिम को लेकर युवाओं में भारी उत्साह है और अब तक 400 से ज्यादा युवा इसके लिए आवेदन कर चुके हैं. डूंगरपुर पुलिस की यह दूरदर्शी सोच न सिर्फ युवाओं की असीम ऊर्जा को सही राह दिखाएगी, बल्कि आने वाले समय में एक अपराध मुक्त समाज के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगी.
‘हम नेताओं को इसलिए…’, NEET मुद्दे पर बोलीं मिस इंडिया यूनिवर्स मणिका विश्वकर्मा
