दिल्ली में आज शनिवार (10 अक्तूबर) को जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन होना है. इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली रवाना हो गए हैं.
दिल्ली रवाना होने से पहले अभिजीत दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा नरेंद्र मोदी तानाशाह हैं, इतना डर गए हैं कि मेट्रो ट्रेन के रास्ते सब बंद कर दिए हैं. अगर उन्हें इस देश के युवाओं से इतना ही डर लगता है, तो प्रधानमंत्री क्यों बने हैं?”
अभिजीत दीपके ने कहा मुझे लगता है इस देश के प्रधानमंत्री को इतना डर जो लग रहा है इस देश के यूथ से इस देश की जनता से वो क्यों लग रहा है? क्या जरूरत पड़ी आपको सारे रेलवेज बंद करने की? क्या जरूरत पड़ी आपको मेट्रो बंद करने की? इंटरनेट बंद कर दिया है, रास्ते बंद कर दिए हैं. जम्मू कश्मीर से आर्मी बुलाकर आपने दिल्ली में डिप्लॉय कर दिए, नक्सल एरिया से सीआरपीएफ की फोर्स बुलाकर आपने दिल्ली में लगा दिए. क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के साथ जंग छेड़ना चाहते हैं?
अभिजीत दीपके ने कहा क्या ज्ञानेश कुमार आपको इतने ज्यादा प्यारे हैं कि देश की जनता के ऊपर अपनी पुलिस फोर्स, अपनी आर्मी फोर्स छोड़ दोगे. तो कहीं ना कहीं नरेंद्र मोदी का डर है और पता नहीं ज्ञानेश कुमार इतने ज्यादा इंपोर्टेंट क्यों है उनके लिए कि वो अपनी देश की जनता पर जंग छेड़ना चाहते हैं. यह डर है, यह और कुछ नहीं है, यह डर है. नरेंद्र मोदी डर गए है और उन्हें डर लग रहा है कि देश की जनता इसके बाद उनको वोट नहीं करेगी. तो इसलिए वह किसी भी तरह बस अपनी सत्ता बचाने के लिए लोगों को ट्रेन से उठा रहे हैं.
प्रोटेस्ट करना हमारा फंडामेंटल राइट- अभिजीत दीपके
दिपके ने कहा कि सोसाइटीज में अनाउंसमेंट करवा रहे हैं कि कोई भी प्रोटेस्ट में नहीं जाएगा. दिल्ली पुलिस लोगों के घर जाकर बोल रही है कोई भी प्रोटेस्ट में नहीं जाएगा. अरे क्यों नहीं जाएगा, प्रोटेस्ट करना हमारा फंडामेंटल राइट है. आर्टिकल 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम ठीक यही करने वाले हैं. उनको डिटेन करना है, अरेस्ट करना है, वो कर लें. मैं रेडी हूं उसके लिए, मुझे कोई उससे फर्क नहीं पड़ता. UAPA लगाना है, NSA लगाना है, लगा दो लेकिन फ्री एंड फेयर इलेक्शन के लिए इस देश की डेमोक्रेसी को बचाने के लिए हम लड़ते हैं.
बॉडी कैमरे लगाए हुए हैं पुलिसकर्मी
वहीं CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. जंतर-मंतर पर तैनात पुलिसकर्मी अपनी वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए हुए हैं. यह कैमरे अंधेरे में भी काम करने में सक्षम हैं और सुरक्षा ड्यूटी के दौरान होने वाली गतिविधियों को रिकॉर्ड करेंगे.
ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने बताया कि बॉडी कैमरे पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं. उन्होंने कहा कि हाथापाई जैसी स्थिति में अक्सर दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए जाते हैं. ऐसे में बॉडी कैमरों की रिकॉर्डिंग से यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के दौरान क्या हुआ और पुलिसकर्मियों ने किसी के साथ कैसा व्यवहार किया. पुलिसकर्मी के मुताबिक कैमरे पूरी घटना को रिकॉर्ड करेंगे.
दिल्ली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू
वहीं दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार को कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है. इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नई दिल्ली या मध्य दिल्ली के रास्ते रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या हवाई अड्डे जाना है तो अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें. पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह 6 बजे से स्थिति के अनुसार कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा.
CJP प्रदर्शन के बीच दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? पढ़ें IMD का अपडेट
