Headlines

दिल्लीः भीकाजी कामा प्लेस में मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन, EV चार्जिंग समेत कई सुविधाएं


दिल्ली के व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए एक और बड़ी सुविधा शुरू हो गई है. उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को भीकाजी कामा प्लेस में नवनिर्मित मल्टी-लेवल कार पार्किंग (MLCP) का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया. 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस आधुनिक पार्किंग में 432 कारों और 193 दोपहिया वाहनों को खड़ा किया जा सकेगा. खास बात यह है कि यहां इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी.

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की ओर से बनाई गई यह एक साल के भीतर दूसरी बड़ी मल्टी-लेवल पार्किंग सुविधा है. इससे पहले फरवरी में नेहरू प्लेस में आधुनिक पार्किंग शुरू की गई थी. दोनों परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में पार्किंग का दबाव कम करना और सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों की समस्या से निजात दिलाना है.

छठ पर बिहार जाने वालों की बल्ले-बल्ले, दिल्ली से 77 बसें शुरू, किराये में भारी छूट

40 करोड़ की लागत से बनी मल्टीलेवल पार्किंग

भीकाजी कामा प्लेस में बनी इस पार्किंग का कुल क्षेत्रफल 15,449 वर्गमीटर है. इमारत को इस तरह तैयार किया गया है कि अलग-अलग स्तरों पर वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सके. इसमें एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, दो ऊपरी मंजिलें और टेरेस पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. पार्किंग की कुल क्षमता में 20 कारों और 10 दोपहिया वाहनों के लिए स्थान दिव्यांगजनों के लिये आरक्षित रखा गया है. यानी सुविधा तैयार करते समय उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है.

FASTag से एंट्री, एक साथ 18 EV भी हो सकेंगी चार्ज

नई पार्किंग में वाहन चालकों को कई आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. प्रवेश के लिए FASTag आधारित सिस्टम लगाया गया है, जबकि पार्किंग गाइडेंस और मैनेजमेंट सिस्टम की मदद से वाहनों को जगह उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी. इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के लिए भी यहां सुविधा रखी गई है. एक समय में 18 कारों को चार्ज किया जा सकेगा, जिसके लिए निर्धारित शुल्क देना होगा. 

इसके अलावा पूरे परिसर में CCTV कैमरों से निगरानी होगी. आपातकालीन सेवाओं के संचालन के लिए DG पावर बैकअप भी उपलब्ध कराया गया है. चालकों की सुविधा के लिए हर मंजिल तक पहुंचने को लिफ्ट लगाई गई है. परिसर में पीने के पानी, पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा ड्राइवरों के लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था भी की गई है. सुरक्षा के लिहाज से फायर फाइटिंग और फायर अलार्म सिस्टम लगाया गया है. वहीं, बारिश के पानी के संचयन के लिए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बनाया गया है.

नेहरू प्लेस में 660 कारों की पार्किंग क्षमता

DDA की इस साल शुरू हुई दूसरी बड़ी परियोजना नेहरू प्लेस में है. वहां बनाई गई छह मंजिला मल्टी-लेवल पार्किंग में 660 कारों और 350 दोपहिया वाहनों को खड़ा करने की क्षमता है. भीकाजी कामा प्लेस और नेहरू प्लेस दोनों ही दिल्ली के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र हैं. यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना होता है. ऐसे में पार्किंग की कमी और सड़कों के किनारे अनधिकृत तरीके से खड़े वाहन लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए हैं.

LG बोले- प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों के कायाकल्प की दिशा में अहम कदम

उद्घाटन के दौरान उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि भीकाजी कामा प्लेस और नेहरू प्लेस में इन आधुनिक पार्किंग सुविधाओं का निर्माण दोनों व्यावसायिक केंद्रों के सुनियोजित पुनर्विकास और कायाकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि इन इलाकों में पार्किंग की भीड़ और सड़क किनारे अवैध पार्किंग लंबे समय से बड़ी चुनौती रही है. भीकाजी कामा प्लेस की नई सुविधा स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी और इलाके में पार्किंग का दबाव कम करने में मददगार होगी.

दिल्ली: प्रदूषण के बीच मंत्री ने लिया बड़ा फैसला, इन लोगों को घर से काम करने के निर्देश



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *