Headlines

दिल्ली की सड़कों से धूल हटाने के लिए CM रेखा गुप्ता का हाईटेक प्लान, उतारीं नई मशीनें


दिल्ली में सड़कों पर जमी धूल हटाने के लिए अब मशीनों की संख्या के साथ उनकी निगरानी का तरीका भी बदला जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में नगर निगम ने मैकेनिकल रोड स्वीपिंग के लिए 10 नई मशीनें उतारी हैं. अगले साल फरवरी तक 60 और मशीनें आने की योजना है. पूरी खेप मिलने के बाद निगम के पास 136 मशीनों का बेड़ा होगा. 

लक्ष्य सिर्फ मशीनें बढ़ाना नहीं, बल्कि रोजाना साफ होने वाली सड़कों की लंबाई को मौजूदा 2100 किलोमीटर से बढ़ाकर 5000 किलोमीटर तक ले जाना है. नई मशीनों की तैनाती दिल्ली के सभी 12 नगर निगम जोन में की जाएगी.

55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी मशीनें उतरेंगी

इस परियोजना के तहत 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी मशीनें शामिल होनी हैं. इनकी खरीद निजी एजेंसियां कर रही हैं और संचालन के बदले निगम उन्हें प्रति किलोमीटर के हिसाब से भुगतान करेगा. यानी सफाई का काम मशीनों के इस्तेमाल और तय की गई दूरी से जुड़ा होगा.

इस बार निगम ने सफाई के लिए सिर्फ आधुनिक वाहन नहीं खरीदे हैं, बल्कि उनके कामकाज पर नजर रखने की व्यवस्था भी की है. मशीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेंसर आधारित तकनीक लगाई गई है. केंद्रीय कंट्रोल रूम से यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन सी मशीन कहां चल रही है, उसने कितने घंटे काम किया, कितनी दूरी तय की और कितनी धूल जमा की. इससे मशीनों की तैनाती और उनके वास्तविक काम का रिकॉर्ड भी रखा जा सकेगा.

एक शिफ्ट में 40 किलोमीटर सफाई का लक्ष्य

निगम के मुताबिक, प्रत्येक नई मशीन से एक शिफ्ट में कम से कम 40 किलोमीटर सड़क की सफाई कराने का लक्ष्य है. अभी उपलब्ध 66 मशीनें रोजाना करीब 2100 किलोमीटर लेन लंबाई की सफाई कर रही हैं. नई खेप आने और उसकी तैनाती पूरी होने पर रोजाना पांच हजार किलोमीटर लेन लंबाई साफ करने की क्षमता विकसित करने की योजना है.

इलेक्ट्रिक और सीएनजी मशीनों की क्षमता अलग-अलग

नई मशीनों में नौ इलेक्ट्रिक और एक सीएनजी मशीन शामिल है. इलेक्ट्रिक मशीन की क्षमता दो घन मीटर बताई गई है, जबकि सीएनजी मशीन चार घन मीटर से अधिक क्षमता वाली है. मशीनों के रखरखाव के लिए 10 साल की व्यवस्था भी की गई है. पहली खेप के साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट सप्रेशन वाहन भी सफाई अभियान में लगाए गए हैं.

फरवरी 2027 तक पूरा होगा मशीनों का विस्तार

नगर निगम के मैकेनिकल रोड स्वीपिंग बेड़े में अब 77 मशीनें हो गई हैं. बाकी 60 मशीनें फरवरी 2027 तक अलग-अलग चरणों में शामिल की जानी हैं. इसके बाद कुल संख्या 136 तक पहुंच जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही और निगम अधिकारियों ने सिविक सेंटर से पहली खेप की मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मशीनों को मंगाने की प्रक्रिया आसान नहीं रही. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के चलते इनकी आपूर्ति के लिए हवाई मार्ग का सहारा लेना पड़ा. मशीनों को लाने और उनकी आपूर्ति की प्रक्रिया भी जटिल हुई है.

मुख्यमंत्री ने सड़क की धूल को प्रदूषण की बड़ी वजह बताते हुए नई मशीनों में तकनीक के इस्तेमाल और निगरानी व्यवस्था पर जोर दिया. पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा कि सरकार का लक्ष्य तकनीक और बेहतर निगरानी के जरिए सड़कों की धूल पर नियंत्रण करना है.

अमित शाह को रंधावा की चुनौती, कहा- ‘पहले असम-गुजरात के गैंगस्टर रोकिए’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *