Headlines

दिल्ली: फोन कॉल से खुला राज, फल वाला बन पुलिस ने चोर को दबोचा, लाखों के जेवर बरामद


दिल्ली पुलिस ने एक शातिर चोर को बेहद अनोखे तरीके से पकड़ते हुए दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया. खास बात यह रही कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए फल वाले का भेष धारण किया और कुछ ही घंटों में केस सुलझा लिया.

दरअसल, 28 अप्रैल की सुबह साउथ पटेल नगर इलाके में एक घर में चोरी की सूचना मिली. शिकायतकर्ता के मुताबिक सुबह 6 से 7 बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर लॉकर समेत सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली. चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, चूड़ियां, चेन, पेंडेंट, चांदी के जेवर और करीब 5-10 हजार रुपये नकद शामिल थे.

ये भी पढ़ें: दिल्ली के सफदरजंग में जज ने की आत्महत्या, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

ऐसे मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक संदिग्ध मोबाइल फोन मिला. इसी फोन पर आई एक कॉल ने पूरे केस को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई.

पुलिस ने फल वाले बनकर बिछाया जाल

दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल विकास ने चालाकी दिखाते हुए खुद को फल बेचने वाला बताया और आरोपी को फोन लौटाने के बहाने बुलाया. जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा और 500 इनाम देने की बात कही पुलिस ने उसे दबोच लिया.

आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय कलाम नदाफ के रूप में हुई, जो बिहार के दरभंगा का रहने वाला है. उसे बलजीत नगर इलाके से पकड़ा गया.

लॉकर निर्माणाधीन बिल्डिंग में छिपाया

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी का लॉकर भारी होने के कारण उसने पास में बन रही एक बिल्डिंग में छिपा दिया था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से लॉकर बरामद किया. लॉकर खोलने पर उसमें से करीब 25 लाख के जेवर निकले जिसे देखकर शिकायतकर्ता ने राहत की सांस ली. इसके अलावा आरोपी के पास से नकदी और नकली जेवर भी बरामद हुए.

पहले भी कई मामलों में शामिल

पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी कई चोरी और आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है और एक आदतन अपराधी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *