दिल्ली में बरसात के मौसम के बीच बुखार और मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली सरकार की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने दावा किया है कि राजधानी के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम नजर नहीं आ रहे हैं.
जलभराव, गंदगी और मच्छरों के बीच बढ़ी परेशानी
देवेंद्र यादव ने कहा कि हर साल बारिश के दौरान दिल्लीवासियों को जलभराव, गंदगी, मच्छरों और मौसमी बीमारियों की समस्या से जूझना पड़ता है. उनके मुताबिक, समय रहते व्यापक तैयारी नहीं होने का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई दे रहा है. अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों का दबाव बढ़ रहा है और आम लोग इलाज के लिए परेशान हो रहे हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली: गांधी नगर में दरार के बाद झुका मकान, MCD ने कराया खाली
नालों की सफाई और फॉगिंग को लेकर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नालों की सफाई, जलभराव रोकने, नियमित फॉगिंग और प्रभावित इलाकों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में सरकार की तैयारियां कमजोर रही हैं. उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में मच्छरों के बढ़ते प्रजनन और गंदगी जैसी समस्याओं पर पहले से काम करने की जरूरत होती है, लेकिन सरकार की कार्रवाई समय पर जमीन पर दिखाई नहीं दे रही है.
देवेंद्र यादव ने कहा कि सरकार को केवल बैठकों और दावों तक सीमित रहने के बजाय उन इलाकों में तुरंत काम शुरू करना चाहिए, जहां बीमारी और जलभराव की समस्या ज्यादा है. उन्होंने आरोप लगाया कि तैयारियों में कमी और लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की जनता को भुगतना पड़ रहा है और इसका असर अस्पतालों पर बढ़ते मरीजों के दबाव के रूप में सामने आ रहा है.
स्वास्थ्य शिविर से लेकर दवाओं की उपलब्धता तक रखी मांग
कांग्रेस नेता ने दिल्ली सरकार से सभी क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की. उन्होंने अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर और जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की बात कही. इसके अलावा जलभराव और गंदगी की समस्या के स्थायी समाधान की भी मांग की गई.
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता यह जानना चाहती है कि हर बरसात के मौसम में बीमारी फैलने और हालात बिगड़ने के बाद ही सरकार क्यों जागती है. उन्होंने कहा कि राजधानी के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है, जिसे निभाने में सरकार कोताही बरतती नजर आ रही है.
ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल का राघव चड्ढा पर निशाना, ‘अब किसी को राज्यसभा भेजने से पहले 100 बार…’
