पंजाब के अबोहर उपमंडल के गांव गिदड़ांवाली में शनिवार रात करीब 29 वर्षीय पशु चिकित्सक की हत्या का मामला सामने आया है. रविवार सुबह युवक का शव गांव में खेतों के बीच बनी एक एसडीएम की खाली कोठी में मिला. मृतक की पहचान अमनदीप सिंह के रूप में हुई है.
वहीं घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी और थाना खुईयां सरवर के एसएचओ परमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
गांव के सरपंच देसराज ने बताया कि गांव निवासी जगजीत सिंह वर्तमान में पटियाला क्षेत्र में एसडीएम के पद पर तैनात हैं. उनकी जमीन हिस्से पर दी हुई है और खेत में बनी कोठी की देखरेख खेती करने वाले लोग करते हैं. रविवार सुबह कोठी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.
ये भी पढ़ें: पंजाब: फाजिल्का के थाने में ब्लास्ट, गाड़ियों के शीशे टूटे, इलाका सील
चेहरे पर गंभीर चोट, पहचानना मुश्किल
सरपंच के मुताबिक, युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण शुरुआत में उसकी पहचान करना मुश्किल था. घटनास्थल पर मिले मोबाइल के आधार पर मृतक की पहचान गांव निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई. इसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई.
नुकिले हथियार से चोट के निशान
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के शरीर पर तेजधार और नुकीले हथियार से चोट के निशान मिले हैं. मौके से फिलहाल कोई हथियार बरामद होने की जानकारी नहीं है. हत्या किसने और किस वजह से की, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सरपंच देसराज के अनुसार अमनदीप दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था तथा पशु चिकित्सक के तौर पर काम करता था. उसकी मंगनी भी हो चुकी थी. घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है. डीएसपी और एसएचओ परमजीत सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है.
