दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना इलाके से हिट एंड रन का मामला सामने आया है. शनिवार (11 जुलाई) की रात 9 बजे के आसपास स्कॉर्पियो गाड़ी ने राह चलते शख्स को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. हादसे में बुरी तरह से जख्मी शख्स की मौत हो गई. मृतक की पहचान हो गई है. वहीं, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है.
दुर्घटना के बाद पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. जानकारी के मुताबिक एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को दुर्घटना में शामिल गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर शेयर किया, जिससे जांचकर्ताओं को संदिग्ध की पहचान करने में मदद मिली.
राजौरी गार्डन हादसे में मृतक की हुई पहचान
मृतक की पहचान ख्याला निवासी उदय कुमार उर्फ उदय महतो के रूप में हुई है, जो राजौरी गार्डन में एक दुकान में काम करता था. पुलिस के अनुसार, उदय, रघुबीर नगर निवासी अपने दोस्त सुभाष कुमार के साथ पैदल घर लौट रहा था, तभी एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी. उसने बताया कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
हादसे में बाल-बाल बचा मृतक उदय का दोस्त
एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को जानकारी देते हुए बताया, ”तेज रफ्तार एसयूवी ने उदय को टक्कर मार दी और उसका दोस्त इस हादसे में बाल-बाल बच गया.” सुभाष घायल उदय को तुरंत गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपी कार ड्राइवर गिरफ्तार, गाड़ी जब्त
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे तमाम सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है. स्कॉर्पियो चालक देवांश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है.
दिल्ली में बदलेगा लोकल सफर का तरीका, ई-रिक्शा के विकल्प के तौर पर आएंगी 7-सीटर इलेक्ट्रिक वैन
