Headlines

दिल्ली SIR: बेघर, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्कर्स की बनेगी वोटर आईडी, लगेंगे शिविर


दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान उन लोगों को वोटर लिस्ट से जोड़ने के लिए खास पहल की जा रही है, जिन्हें सामान्य प्रक्रिया में आवेदन करने में दिक्कत आती है. बेघर लोगों, ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों के लिए 23 और 24 सितंबर को दिल्ली के 13 जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे. इन शिविरों में पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन की सुविधा और जरूरी जानकारी दी जाएगी.

शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक चलेंगे कैंप

दो दिनों तक चलने वाले इन विशेष शिविरों का समय शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक रखा गया है. कैंप डयूसिब के रैन बसेरों और अन्य चिन्हित स्थानों पर लगाए जाएंगे. यहां बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ भी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को आवेदन की प्रक्रिया में सीधे सहायता मिल सके.

दिल्ली: बर्थ, डेथ सर्टिफिकेट बनवाना है तो जान लें नए नियम, रेखा सरकार का फैसला

दस्तावेजों की कमी बनती है बड़ी अड़चन

बेघर लोगों के सामने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के दौरान स्थायी पते और पारिवारिक रिकॉर्ड जैसे दस्तावेजों की समस्या सामने आती है. इसी तरह पहचान और पते से जुड़े कागजात उपलब्ध नहीं होने पर सत्यापन की प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है. इसी वजह से विशेष शिविरों के जरिए ऐसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों तक पहुंचेंगे NGO

ट्रांसजेंडर और सेक्स वर्करों को शिविरों की जानकारी देने और उन्हें आवेदन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए संबंधित क्षेत्र में काम करने वाले एनजीओ की मदद ली जाएगी. अधिकारियों के अनुसार, इन लोगों तक सीधे पहुंच बनाना इस पहल का एक अहम हिस्सा है. जरूरत के मुताबिक उन्हें फॉर्म और दस्तावेज से जुड़ी प्रक्रिया समझाई जाएगी.

सामान्य निवासी है तो मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा नाम

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के मुताबिक किसी इलाके का सामान्य निवासी पात्र है तो उसका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. अधिकारियों को चुनाव आयोग के Manual of Electoral Rolls-2023 के अनुसार ऐसे आवेदनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. ऑनलाइन आवेदन को बढ़ावा दिया जा रहा है, लेकिन लोगों से फिजिकल फॉर्म भी लिए जाएंगे.

ड्राफ्ट सूची में 97,53,577 मतदाता दर्ज

31 अगस्त को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार दिल्ली में कुल 97,53,577 मतदाता हैं. इनमें 49,88,993 पुरुष और 47,64,137 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं 2025 विधानसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की मतदाता सूची में 1,55,24,858 मतदाता दर्ज थे. ड्राफ्ट सूची में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या भी 1,261 से घटकर 447 रह गई है.

30 सितंबर तक फार्म-6 से दावा किया जा सकता है

ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले पात्र लोगों को नाम जुड़वाने के लिए 30 सितंबर तक दावा करने का अवसर दिया गया है. इसके लिए फार्म-6 के जरिए आवेदन किया जा सकता है. प्राप्त दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 29 अक्टूबर तक चलेगी और इसके बाद चार नवंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी.

20 और 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर भी कैंप

विशेष वर्गों के लिए होने वाले इन शिविरों के अलावा 20 और 27 सितंबर को दिल्ली के सभी मतदान केंद्रों पर सामान्य विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे. इनका समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा. यहां मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जांचने के साथ फॉर्म भरने और आवेदन जमा करने में भी सहायता ले सकेंगे.

दिल्ली: नाबालिग रेप-मर्डर की गुत्थी सुलझी, एक निशान ने खोले राज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *