Headlines

दीपम विवाद: पुलिस से भिड़े हिन्दू संगठन से जुड़े लोग, दीपथून पर नहीं जलाया गया कार्तिगाई दीप


हाई वोल्टेज ड्रामा और सुप्रीम कोर्ट की तरफ से कुछ दिन पहले मिली इजाजत के बाद मंगलवार की शाम को पुजारियों की छोटी सी टीम ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर सुब्रमण्य स्वामी मंदिर पहुंचकर कार्तिगाई दीपम उत्सव के दीप जलाए. जबकि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिए थे कि दीप को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सिकंदर बादशाह दरगाह के पास ‘दीपाथून’ (पत्थर के खंभे) पर पुजारियों की छोटी सी टुकड़ी जलाएगी. 

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, दीप को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार दीपाथून पर न जलाए जाने के कारण हिन्दू संगठनों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है. हिन्दू संगठनों और बीजेपी नेताओं ने वहां इसके खिलाफ प्रोटेस्ट करना भी शुरू कर दिया. पुलिस ने आंदोलनकारियों को लाठीचार्ज की धमकी की दी है.

‘कार्तिगई दीपम’ त्योहार के मद्देनजर, मदुरै सिटी पुलिस ने जिले में तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी और उसके आसपास के इलाकों को अस्थायी ‘रेड जोन’ घोषित कर दिया था. इसके तहत 23 और 24 नवंबर को ड्रोन और मानवरहित हवाई वाहनों (UAVs) के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई थी.

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद जला दीप

यह सुरक्षा इंतजाम सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के बाद किए गए थे, जिसमें कोर्ट ने मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर सिकंदर बादशाह दरगाह के पास ‘दीपाथून’ (पत्थर के खंभे) पर, पुजारियों की केवल एक अधिकृत टीम को ‘कार्तिगई दीपम’ का दीप जलाने की अनुमति दी थी. साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता को वहां जाने, जुलूस निकालने या भीड़ इकट्ठा करने से रोका गया था.

इधर, भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने तमिलनाडु सरकार पर भाजपा के हजारों कार्यकर्ताओं को नजरबंद करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु को संभालने में विफल बताया.

भाजपा प्रदेश को किया गया नजरबंद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने कहा, सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर कार्तिगाई दीपम जलाया जाए, लेकिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पुनर्विचार याचिका दायर कर हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. इस मुद्दे को लेकर करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. 

नागेंद्रन ने कहा कि राज्य नशे से जुड़े अपराधों, हत्याओं और महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर चिंताओं से जूझ रहा है. तमिलनाडु में मौजूदा स्थिति पिछले 60 साल में अभूतपूर्व है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने नजरबंद करने का आरोप लगाते हुए कहा, मैंने आज शाम मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा करने की योजना बनाई थी, लेकिन हमारे अधिकांश पार्टी कार्यकर्ताओं को नजरबंद कर दिया गया है.

बीजेपी का आरोप, 20 हजार कार्यकर्ता नजरबंद

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, तिरुनेलवेली में करीब 500 भाजपा कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया है, जबकि पूरे तमिलनाडु में 20,000 से अधिक भाजपा और हिंदू मुन्नानी कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया गया. उन्होंने कहा कि केवल एफआईआर दर्ज करना ही काफी नहीं है और यह कार्रवाई निंदनीय है.

याद आया आपातकाल 

तिरुप्परनकुंद्रम दीपम मुद्दे पर भाजपा नेता एल. मुरुगन ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार और मंदिर अधिकारियों को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर निर्धारित स्थान पर कार्तिगाई दीपम जलाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री विजय तमिलनाडु में स्थिति को संभालने में विफल रहे हैं.

मुरुगन ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, हिंदू मुन्नानी प्रदेश अध्यक्ष काडेश्वर सुब्रमण्यम और अन्य हिंदू नेताओं को पहाड़ी पर जाने का प्रयास करने पर नजरबंद कर दिया गया है. यह हमें इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल की याद दिलाता है. मैं सरकार की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करता हूं और उससे सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने और दीपम जलाने का आग्रह करता हूं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *