टीवी इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता धीरज धूपर की शादी को दस साल पूरे हो चुके हैं. उनकी शादी जानी-मानी एक्ट्रेस विन्नी अरोड़ा से हुई थी. दोनों अपनी शादी के एक दशक पूरे होने का जश्न मना रहे हैं. इसी बीच कपल ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा ऐलान भी किया है. माना जा रहा है कि धीरज और विन्नी शादी के दस साल बाद अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाले हैं.
धीरज धूपर और विन्नी अरोड़ा की शादी को हुए 10 साल
धीरज धूपर और विन्नी अरोड़ा ने आज ही के दिन साल 2016 में शादी रचाई थी. कपल की आज 10वीं वेडिंग एनिवर्सरी है. दोनों ने एक दूसरे को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए ढेर सारी तस्वीरें शेयर की हैं. इनमें कपल अपने बेटे के साथ भी नजर आ रहा है.
धीरज और विन्नी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘एक दशक साथ बिताया और अभी पूरी लाइफ बाकी है. 10 सालों के बाद भी तुम मेरे सबसे फेवरेट इंसान और सबसे पसंदीदा लव स्टोरी हो. हैप्पी एनिवर्सरी, माय लव.’
क्या दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं विन्नी अरोड़ा?
धीरज और विन्नी ने इंस्टाग्राम पर एक दूसरे पर प्यार लुटाते हुए रोमांटिक तस्वीरें पोस्ट की हैं. इनमें उनके साथ उनका बेटा जैन भी है. धीरज, विन्नी और जैन तीनों ही तस्वीरों में सफेद रंग के कपड़ों में नजर आ रहे हैं. दो तस्वीरों में धीरज ब्लू कपड़ों में भी दिखाई दे रहे हैं. कभी धीरज और विन्नी एक-दूसरी की बांहों में दिखाई दे रहे हैं तो कभी अपने बेटे के साथ पोज दे रहे हैं.
इन तस्वीरों से ज्यादा ध्यान पोस्ट की आखिरी स्लाइड ने खींचा है. इस पर लिखा हुआ है, ‘हम अपनी फैमिली में थोड़ा और प्यार एड रहे हैं.’ इसके बाद माना जा रहा है कि दोनों अपने दूसरे बच्चे के लिए तैयार हैं. पोस्ट के कमेंट्स में सोशल मीडिया यूजर्स भी एक्ट्रेस की प्रेग्नेंसी के कयास लगा रहे हैं. हालांकि दोनों ने इसे लेकर साफ तौर पर कुछ नहीं कहा है.
बता दें कि शादी के 6 साल बाद विन्नी और धीरज ने अगस्त 2022 में बेटे जैन का वेलकम किया था. अब 4 साल बाद दोनों के दूसरे बच्चे को लेकर चर्चाएं तेज हैं.
