Headlines

सर्बिया में एयरफोर्स का मिग-29 फाइटर जेट क्रैश, पायलट की मौत


सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड के उत्तर-पश्चिम में मंगलवार को सर्बियाई वायुसेना का एक मिग-29 (MiG-29) फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान के पायलट की मौत हो गई है. यह हादसा राजधानी बेलग्रेड से लगभग 45 किलोमीटर दूर नोवा पाजोवा और स्टारा पाजोवा कस्बों के बीच एक खेत में हुआ. सर्बिया के सरकारी रेडियो और टेलीविजन ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है.

हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन राहत और बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. फिलहाल विमान के क्रैश होने की वजह सामने नहीं आई है और अधिकारियों ने अभी तक इसके कारणों का खुलासा नहीं किया है.

मामले की जांच के लिए स्पेशल कमेटी का गठन

सर्बिया के कुछ स्थानीय मीडिया संस्थानों ने इस हादसे की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें खेत में विमान का जलता हुआ मलबा दिख रहा है. वहां पास ही एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां खड़ी नजर आ रही हैं. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए स्पेशल कमेटी का गठन किया जाएगा, जो मामले की जांच करेगा. 

रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि हादसे में जान गंवाने वाले पायलट का नाम मेजर गोरान बुलाजिक था. उनका जन्म 1973 में हुआ था और वे 1996 में सेना में शामिल हुए थे.

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 2006 में आजाद होने के बाद से अब तक सर्बिया की सेना के 14 विमान हादसे का शिकार हो चुके हैं. इनमें 12 हवाई जहाज और दो हेलीकॉप्टर शामिल हैं. इन सभी दुर्घटनाओं में अब तक कुल 17 लोगों की मौत हो चुकी है.

राफेल से बदले जाएंगे पुराने मिग-29 विमान

सर्बियाई वायुसेना के बेड़े में 1987 से 1991 के बीच बने 14 मिग-29 लड़ाकू विमान शामिल हैं, जो अब काफी पुराने हो चुके हैं. सर्बिया अपने इस पुराने मिग-29 बेड़े को बदलने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए उसने साल 2024 में 2.7 बिलियन यूरो (करीब 2.7 अरब यूरो) की लागत से 12 फ्रांसीसी डसॉल्ट राफेल F4 लड़ाकू विमान खरीदे हैं, जिनकी डिलीवरी साल 2028 में शुरू होने वाली है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *