Headlines

‘शिव-पार्वती को नहीं देखा’ राहुल गांधी की आलोचना करने वालों पर भड़कीं सुप्रिया श्रीनेत


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर दिए गए बयान पर राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने उनके बयान पर हो रही आलोचनाओं का कड़ा जवाब दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि कुछ लोग दो लोगों की मोहब्बत से परेशान हैं, जबकि हमारी संस्कृति में प्रेम को जगत का सार कहा गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले वे लोग हैं जिनकी सोच में पत्नी का स्थान दोयम दर्जे का होता है.

उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग प्रेम से आक्रोशित हैं. दो लोगों की मोहब्बत से परेशान हैं? एक बेटे ने अपने माता-पिता के बीच जबरदस्त प्रेम की बात क्या कर दी कुछ लोग हैरान व्यथित हो गए? प्यार करना और प्यार पाना, अपने साथी के साथ रोजमर्रा की बोरिंग जिंदगी और उथल-पुथल के बीच दीवाने होकर प्यार करना, बिना शर्म अपने प्यार को दिखाना, बच्चों का ऐसे माता-पिता के साथ बड़ा होना जो एक-दूसरे से जबरदस्त मोहब्बत करते हैं- यह एक बेहद खूबसूरत बात ही नहीं, एक वरदान है. मोहब्बत एक वो सौगात है, जो सबको नसीब नहीं होती, इसीलिए जिन्हें प्यार मिले उन्हें इसे कभी छिपाना नहीं चाहिए.’

‘पत्नियों को छोड़ने वाले प्रेम को क्या समझेंगे’

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘जब राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की बात की- कैसे वह एक युगल जोड़े की तरह एक दूसरे से प्रेम करते थे, कैसे शादी के सालों बाद भी उनके बीच की मोहब्बत जिंदा थी- कुछ लोग आक्रोशित और हैरान हो गए? ये वही लोग हैं जो अपनी पत्नियों और परिवारों को छोड़ने के आदी हैं. वही लोग जिनके लिए औरत और खासतौर से पत्नी का कोई वजूद ही नहीं है. वो लोग एक ऐसे आदमी के विचार को समझ ही नहीं सकते जो अपनी पत्नी को प्रेम जताना जानता है. वह प्रेम के इजहार को समझ नहीं सकते. उसे स्वीकार नहीं कर पाते.’

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘उन्हें शायद तब तसल्ली होती अगर राहुल जी बताते कैसे सोनिया जी रसोई और खाने की मेज के बीच दौड़ दौड़ कर गर्म फुलके परोसतीं थीं, कैसे वह राजीव जी की जूठी थाली साफ करतीं, कैसे वह उनके भोजन करने के बाद ही अकेले बचा खुचा खातीं. ऐसे लोगों के लिए विवाह का, औरत का, एक पत्नी का जो आइडिया है उसमें वो दोयम दर्जे की, जरूरत पूरा करने वाली, बिना किसी वजूद के पीछे रहने वाली है. कुछ भी बराबर, कुछ भी कोमल, कुछ भी जीवंत और रोमांटिक इन लोगों के लिए आपत्तिजनक है.’

उन्होंने कहा, ‘एक ऐसी भी दुनिया है जहां साथी बराबर है. जहां प्यार सिर्फ एक ड्यूटी नहीं है. जहां प्यार में पति और पत्नी को प्रेम का इजहार करने के लिए किसी की अनुमति की जरूरत नहीं पड़ती, जहां वे अपना प्यार दिखाने से नहीं डरते.’

‘शिव-पार्वती और लक्ष्मी-नरसिंह को नहीं देखा’

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘हमारी संस्‍कृत‍ि में प्रेम को जगत का सार कहा गया है. जिन लोगों को लगता है पत्‍नी अपने पत‍ि की गोद में नहीं बैठ सकती- बच्‍चों के सामने तो ब‍िल्‍कुल नहीं- उन्होंने शायद पार्वती को शिव की गोद में बैठे नहीं देखा- अपने पुत्र गणेश और कार्तिकेय की उपस्थिति में. उन्होंने शायद भगवान विष्णु के चौथे अवतार नरसिंह की गोद में लक्ष्मी को बैठे नहीं देखा.’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘प्यार जादू है, आपकी दुनिया बदल देता है. मोहब्बत करना सबके बस की बात नहीं है – सिर्फ बहादुर लोग प्यार कर सकते हैं. प्यार कमजोर नहीं करता, प्रेम तो ताकत देता है. प्रेम कभी अश्लील हो ही नहीं सकता. मैं तो चाहती हूं हर घर में पति और पत्नी के बीच में मोहब्बत हो, वह शादी के दशकों बाद हंसे, मुस्कुरायें, अपने प्रेम का इजहार करने से चूके नहीं. मैं तो चाहती हूं ज्यादा से ज्यादा बच्चे ऐसे घरों में बड़े हों जो प्यार, हंसी और उनके माता-पिता के बीच रोमांस हो ना कि बेरुखी.’ 

सुप्रिया श्रीनेत बोलीं, ‘राहुल गांधी का शुक्रिया जिन्होंने अपने माता-पिता की बेखौफ मोहब्बत, उनके असीम प्यार की बात बिना हिचकिचाहट के की. जिन्होंने प्रेम पर सार्वजनिक जीवन में जो चुप्पी, जो रूढ़िवादिता है उसको एक झटके में तोड़ दिया. धन्यवाद सोनिया जी का इस बेपनाह मोहब्बत को करने के लिए और अपनी कहानी बताने के लिए. ढाई आखर प्रेम का पढ़े सो पंडित होय- मोहब्बत कीजिए, प्यार बांटिये – बाकी सब बेमानी है.’ 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *