टीवी एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी हाल ही में एकता कपूर के सुपरनैचुरल फैंटेसी शो ‘नागिन 7’ में लीड रोल में नजर आई थीं. ‘नागिन 7’ में प्रियंका ने अपनी अदाकारी से लोगों का खूब दिल जीता. इन सबके बीच हाल ही में फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान प्रियंका चाहर के घर पहुंची थीं.
इस दौरान फराह के नए व्लॉग में प्रियंका ने बताया कि ‘नागिन 7’ साइन करने से पहले उन्हें थोड़ी हिचकिचाहट हो रही थी. साथ ही, उन्होंने ‘बैटलग्राउंड’ और इस शो को एक साथ करते हुए लगातार 36 घंटे तक काम करने के अपने मुश्किल शेड्यूल का भी खुलासा किया.
‘नागिन 7′ को प्रियंका ने कर दिया था मना
प्रियंका ने फराह खान के व्लॉग में खुलासा किया है कि उन्होंने शुरू में ‘नागिन’ के ऑफर को मना कर दिया था. उन्होंने कहा, “एकता मैम ने मुझे बिग बॉस हाउस के अंदर ही ‘नागिन’ का ऑफर दिया था. बाद में उन्होंने मुझे बताया कि जब दिबाकर (फिल्ममेकर दिबाकर बनर्जी) कंटेस्टेंट्स को चुन रहे थे, तो उन्होंने खास तौर पर उनसे कहा था कि मुझे बाहर न निकालें, क्योंकि वह मुझे किसी और चीज के लिए रखना चाहती थीं. घर से निकलने से पहले, उन्होंने सभी को गले लगाया. जब उन्होंने मुझे गले लगाया, तो धीरे से कहा, ‘सुनो, मैं तुम्हें जल्द ही बुलाऊंगी.’ मुझे पता था कि वह ‘नागिन’ के बारे में बात कर रही थीं.”
प्रियंका ने आगे कहा, “शुरू में मैंने ‘नागिन’ के लिए मना कर दिया था. मैं ऐसा शो करना चाहती थी जिसमें ज्यादा नैचुरल एक्टिंग की जरूरत हो. मैंने सीधे तौर पर मना नहीं किया, लेकिन मुझे थोड़ा डाउट जरूर था. जब मुझे कॉल आया, तब मैं यूएस जाने वाली फ्लाइट में थी. मेरे पास वाई-फाई था, इसलिए उन्होंने मुझसे बात की, लेकिन मैंने कहा, ‘मैंने अभी तक इस बारे में सोचा नहीं है.’ बाद में, कास्टिंग करने वाले ने मुझे बताया कि फोन रखने के बाद मेरी पूरी टीम घबरा गई थी.”
36 घंटे किया काम
‘नागिन 7’ के साथ-साथ, प्रियंका रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड’ में भी बतौर मेंटर नजर आई थीं. अपने बिज़ी शेड्यूल के बारे में बात करते हुए प्रियंका ने कहा, “जब मैंने ‘नागिन’ साइन किया, तो मैं कुछ अलग करना चाहती थी. इसीलिए मैंने ‘बैटलग्राउंड’ भी किया. ‘बैटलग्राउंड’ के लिए मैं रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक शूटिंग करती थी. मैं सुबह करीब 6 या 7 बजे घर पहुंचती, जल्दी से नहाती और सुबह 9 बजे तक ‘नागिन’ के सेट पर पहुँच जाती. फिर मैं वहां रात 9 बजे तक शूटिंग करती. ऐसा लगता था जैसे लगातार लगभग 36 घंटे काम कर रही हूं. मैं 40 मिनट की झपकी लेकर काम चलाती थी क्योंकि मैं दोपहर में सो नहीं पाती.”
प्रियंका चाहर चौधरी के बारे में
प्रियंका को टीवी ड्रामा ‘उड़ारियां’ (2021–2023) में तेजो संधू का किरदार निभाने के बाद खूब फेम मिला था. को-स्टार अंकित गुप्ता के साथ उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. ‘बिग बॉस 16’ में में वे सेकंड रनर-अप रही थीं. भले ही वह ट्रॉफी नहीं जीत पाईं, लेकिन वह शो की सबसे पॉपुलर कंटेस्टेंट्स में से एक बनकर उभरीं थीं. सलमान खान ने भी उनकी तारीफ करते हुए उन्हें “शो की विनर” कहा था.
ये भी पढ़ें:-‘सलमान खान डर गया…’, एक्टर ने सुबह-सुबह जिम से अपनी तस्वीरें शेयर कर लिख दी ऐसी बात, फैंस बोले- ‘भाई से पंगा नहीं’
