पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर शहर में दीपावली की सजावट के दौरान बड़ा हादसा हो गया. शहर की लक्कड़ मंडी स्थित सोम हार्डवेयर की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह दीपावली के लिए लगाई गई सजावटी लाइटों में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई. इस घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया.
जानकारी के अनुसार, लक्कड़ मंडी स्थित सोम हार्डवेयर की दुकान में देर शाम अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया. दुकान से उठता धुआं और आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के इलाके में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी.
पंजाब: परविंदर झोटा का हुआ पोस्टमार्टम, आज होगा अंतिम संस्कार, 2 करोड़ मुआवजे की मांग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया. आग इतनी भयंकर थी कि दमकल कर्मचारियों को इसे बुझाने में काफी परेशानी हुई. करीब साढ़े तीन घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
दुकान में रखे ज्वलनशील सामान से तेजी से फैली आग
अग्निशमन विभाग के फायर अफसर बरिंदर सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया था. दुकान में लकड़ी के बोर्ड और अन्य सामान के साथ ज्वलनशील पदार्थ भी मौजूद थे. इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और उसे बुझाने में काफी समय लगा. दमकल कर्मचारियों ने लगातार प्रयास कर आग को नियंत्रित किया.
वहीं, स्थानीय निवासी और चश्मदीद सुखजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली तो वह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. वहां आग काफी भयंकर थी.
दुकान में लकड़ी के बोर्ड सहित कई तरह का सामान और ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को कई घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी.
पटियाला: कर्मभूमि एक्सप्रेस के डिब्बों में लगी आग, यात्रियों में मचा हड़कंप
लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान
इस अग्निकांड में दुकान के अंदर रखा सामान जलने से कई लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है. दीपावली जैसे त्योहार के मौके पर हुए इस हादसे से स्थानीय व्यापारियों और लोगों की चिंता बढ़ गई है.
शुरुआती तौर पर सजावटी लाइटों में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल नुकसान का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
