एक्ट्रेस अमृता खानविलकर इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. हाल ही में खबरें हैं आई थीं कि उनका और उनके पति हिमांशु मल्होत्रा का तलाक हो रहा है. इसी बीच अब एक्ट्रेस ने रिश्ते को लेकर सामने आ रही खबरों पर रिएक्ट किया है और लीगल नोटिस शेयर कर चेतावनी दी है.
तलाक की खबरों पर अमृता खानविलकर ने किया रिएक्ट
अमृता के वकीलों ने सख्त नोटिस जारी करते हुए साफ कहा है कि बिना कंफर्मेशन के दावे करना या उनकी प्राइवेसी में दखल देना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है. 10 अगस्त 2026 को अमृता खानविलकर की लीगल टीम ने इन खबरों पर कड़ा बयान जारी किया. उन्होंने कहा, ‘हमें पता चला है कि कुछ ऑनलाइन, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर अमृता खानविलकर और उनकी पर्सनल लाइफ को लेकर ऐसी बातें शेयर की जा रही हैं, जो झूठी, बदनाम करने वाली और उनकी प्राइवेसी में दखल देने वाली हैं.’
लीगल टीम ने आगे कहा कि हर किसी को अपनी बात रखने की आजादी है, लेकिन इस आजादी का गलत इस्तेमाल करके अमृता के बारे में अफवाहें, बिना पुष्टि वाली बातें या गलत जानकारी फैलाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि ऐसी किसी भी जानकारी को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है.
ये भी पढ़ेंः ‘जोरू का गुलाम’ डायरेक्टर शकील नूरानी अरेस्ट, यौन उत्पीड़न का है मामला, नशा देकर बनाया वीडियो
बयान में ये भी साफ चेतावनी दी गई है कि ऐसी खबरें फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है. इसमें कहा गया, ‘अगर हमारे पास इसके सबूत मिलते हैं, तो ऐसी बातें बनाने, पब्लिश करने या शेयर करने वाले लोगों, संस्थाओं या संगठनों के खिलाफ कानून के मुताबिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.’ अमृता की टीम ने आगे कहा, ‘ऐसे सभी मामलों पर नजर रखी जा रही है और उन्हें रिकॉर्ड किया जा रहा है, ताकि सही कानूनी कदम उठाए जा सकें.’
पिछले 18 महीने से अलग रहने की खबर आई थी सामने
ये कानूनी नोटिस उस रिपोर्ट के बाद आया है, जिसमें दावा किया गया था कि अमृता और हिमांशु पिछले 18 महीनों से अलग-अलग जगह रह रहे हैं. हालांकि, एक करीबी सूत्र ने बताया कि फिलहाल दोनों के तलाक या कानूनी तौर पर अलग होने की कोई बात नहीं चल रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग रहने के बावजूद दोनों के रिश्ते अच्छे हैं. दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं और अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर एक-दूसरे से बात करते रहते हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों के अलग-अलग घरों में रहने के पीछे कोई बड़ा झगड़ा नहीं, बल्कि कुछ व्यावहारिक वजहें बताई जा रही हैं. रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि दोनों अपने भविष्य को लेकर सोचने और चीजों को समझने के लिए थोड़ा स्पेस ले रहे हैं.
अमृता और हिमांशु की लव स्टोरी
बता दें, अमृता खानविलकर और हिमांशु मल्होत्रा की पहली मुलाकात 2004 में ‘इंडियाज बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज’ के सेट पर हुई थी. दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया. कई साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने जनवरी 2015 में शादी कर ली. उसी साल अमृता और हिमांशु ने डांस रियलिटी शो ‘नच बलिए 7’ में हिस्सा लिया और शो के विनर भी बने.
ये भी पढ़ेंः ‘बिग बॉस’ फेम लोपामुद्रा राउत के घर हुई 1 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सुलझा, बिहार से गिरफ्तार हुआ आोरपी
