Headlines

परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष, वडिंग के इस्तीफे के बाद नियुक्ति


पंजाब कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी खींचतान के बीच पार्टी ने नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी है. कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया. शुक्रवार को राहुल गांधी से मुलाकात कर अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने अपना इस्तीफा सौंपा था. 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने परगट सिंह के अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है. उन्होंने लिखा, “परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई. मेरी शुभकामनाएं.” 

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने दी बधाई

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने परगट सिंह को बधाई दी. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह को मैं बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में आपके नेतृत्व में पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करेगी.”

सचिन पायलट ने आगे लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विचारों को आप जनता तक पहुंचाने का काम पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करेंगे.” उन्होंने लिखा, “पंजाब एक बदलाव की राह देख रहा है और ऐसे समय में कांग्रेस पार्टी को अपने संगठन को और ज्यादा मजबूत करते हुए जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना होगा.”

अमरिंदर सिंह को लेकर सचिन पायलट ने कहा, “मैं अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को भी उनके कार्यकाल के दौरान पार्टी और संगठन की मजबूती के लिए लगातार और पूरी लगन से मेहनत और सहयोग करने के लिए धन्यवाद देता हूं.”

कौन हैं नए कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह?

परगट सिंह पूर्व में हॉकी खिलाड़ी रह चुके हैं. उन्होंने साल 1992 बार्सेलोना ओलंपिक और 1996 अटलांटा ओलंपिक में भारतीय टीम की कप्तानी की. परगट सिंह पंजाब पुलिस में एसपी की भूमिका भी निभा चुके हैं. इसके बाद उन्होंने राजनीति में एंट्री की. परगट सिंह जालंधर कैंट सीट से कई बार के विधायक रहे हैं. 

परगट सिंह का जन्म 5 मार्च 1965 को मीठापुर जालंधर पंजाब में हुआ. साल 2017 में उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा. साल 2016 में वे शिरोमणी अकाली दल और आवाज-ए-पंजाब पार्टी में रहे. वह 2017 से जालंधर कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं. साल 2022 के चुनावों में वे जालंधर कैंट से दोबारा चुने गए. अब पार्टी ने उन्हें पंजाब कांग्रेस का कप्तान बनाया है.

कांग्रेस पार्टी ने ‘एक्स’ पर की अध्यक्ष की घोषणा

कांग्रेस पार्टी ने परगट सिंह के नाम का ऐलान सोशल मीडिया प्लेट्फॉर्म ‘एक्स’ पर किया. पार्टी ने लिखा, “कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.”

वहीं पार्टी ने अमरिंदर सिंह के योगदान की भी सराहना करते हुए आदेश में कहा, “पार्टी, PCC के निवर्तमान अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की सराहना करती है.” आदेश में आगे कहा गया कि पंजाब में चुनाव से जुड़ी अलग-अलग कमेटियों के कार्यकारी अध्यक्ष, अध्यक्ष और सह-अध्यक्ष पहले की तरह ही काम करते रहेंगे.

‘चन्नी जीत गए, पायलट ने अपनी मर्जी चलाई’, इस्तीफे के बाद बोले राजा वडिंग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *