Headlines

परिसीमन बिल में क्या खास? स्टालिन-पवार बिगाड़ेंगे इंडिया गठबंधन का खेल


लोकसभा में महिला आरक्षण लागू कराने के लिए केंद्र सरकार एक बार फिर संविधान संशोधन विधेयक लाने जा रही है, लेकिन इस बार इसके साथ सियासी समीकरण भी बदल गए हैं. 30 नवंबर को लोकसभा में पेश होने वाले संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव है. सरकार ने इस बदलाव के जरिए दक्षिण भारतीय राज्यों की उस आशंका को दूर करने की कोशिश की है, जिसमें आबादी के आधार पर परिसीमन होने से उनकी संसद में हिस्सेदारी घटने का डर था. 

इस बीच डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी (एसपी) का नए प्रस्ताव के प्रति सकारात्मक रुख विपक्षी गठबंधन INDIA के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है. अप्रैल में जिस विधेयक के खिलाफ विपक्ष एकजुट था, अब उसी पर उसके प्रमुख सहयोगी अलग-अलग रास्ते अपनाते नजर आ रहे हैं.

850 तक हो सकती है लोकसभा की सदस्य संख्या

नए विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है. इनमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे. इसी तरह राज्यों की विधानसभाओं में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने की तैयारी है.

विधेयक का सबसे अहम प्रावधान यह है कि परिसीमन के दौरान प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी. इससे राज्यों के बीच लोकसभा में सीटों का मौजूदा अनुपात बना रहेगा. यही वह बदलाव है, जो अप्रैल में लाए गए पुराने विधेयक में नहीं था और दक्षिण भारतीय राज्यों की प्रमुख आपत्ति भी यही थी.

2011 की जनगणना से परिसीमन, 2051 तक नहीं बदलेगा बंटवारा

प्रस्तावित व्यवस्था में परिसीमन के लिए संशोधन लागू होने की तारीख तक उपलब्ध नवीनतम प्रकाशित जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल होगा. इसका मतलब है कि 2011 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय की जा सकेंगी. हालांकि, सीटों का आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों का नया बंटवारा 2051 तक लागू रखने का प्रस्ताव है.

इसके लिए तीन सदस्यीय परिसीमन आयोग बनाया जाएगा. इसकी अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा या पूर्व न्यायाधीश करेंगे, जिन्हें केंद्र सरकार नियुक्त करेगी. आयोग ही सीटों का निर्धारण, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव और महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों की पहचान करेगा.

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान
विधेयक में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को भी आरक्षण मिलेगा. महिला आरक्षण 2023 के संविधान संशोधन के लागू होने से 15 साल तक प्रभावी रहेगा. संसद कानून बनाकर इसकी अवधि बढ़ा सकेगी. आरक्षित सीटों का आवंटन चक्रानुक्रम से होगा. एससी और एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें उन्हीं वर्गों के लिए निर्धारित निर्वाचन क्षेत्रों के भीतर बदली जाएंगी.

स्टालिन की शर्तों के करीब पहुंची सरकार, पवार ने भी दिया समर्थन

इस विधेयक का सबसे बड़ा राजनीतिक असर विपक्षी एकता पर पड़ सकता है. डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने साफ किया है कि तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी स्थिति में कम नहीं होनी चाहिए. साथ ही 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का जो अनुपात तय है, उसे अगले 25 साल तक बनाए रखने की मांग की है.

इंडियन एक्सप्रेस और इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नए विधेयक में सीटों की समानुपातिक बढ़ोतरी का प्रावधान स्टालिन की प्रमुख मांगों को काफी हद तक पूरा करता है. डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं. ऐसे में पार्टी का समर्थन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार के पक्ष में अहम साबित हो सकता है.

दूसरी ओर, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने भी विधेयक को समर्थन देने की बात कही है. हालांकि, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने विधेयक का मसौदा देखने के बाद अंतिम रुख तय करने की बात कही है. पार्टी के आठ सांसद हैं. इस तरह दोनों दलों का रुख INDIA गठबंधन की एकजुटता के लिए चुनौती बन सकता है.

अप्रैल में 54 वोट से गिरा था विधेयक, अब बदले समीकरण

17 अप्रैल को पेश हुए संविधान संशोधन विधेयक को लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था. तब 298 सांसदों ने समर्थन और 230 ने विरोध में मतदान किया था. विधेयक 54 वोट से पीछे रह गया था. इसके बाद सरकार ने इससे जुड़े अन्य विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया.

अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं. तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसद जून में पार्टी से अलग होकर एनडीए समर्थक नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय की घोषणा कर चुके हैं. हालांकि, उनकी अयोग्यता से जुड़ी कार्यवाही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पास लंबित है.

सरकार को उम्मीद है कि इन सांसदों के अलावा पहले विरोध करने वाले कुछ अन्य दलों का समर्थन भी मिलेगा. वहीं, तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी का निलंबन सोमवार की बैठक से पहले खत्म करने की मांग की है.

लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें खाली हैं. यदि निलंबन बरकरार रहता है तो 539 सदस्य सदन की कार्यवाही में शामिल हो सकते हैं. अध्यक्ष को छोड़कर 538 सदस्यों के मतदान करने की स्थिति में विधेयक पारित कराने के लिए 359 वोट जरूरी होंगे.

यह भी पढ़िएः लोकसभा में 850 सीटें, महिला आरक्षण…, संसद में पेश होने को तैयार नया परिसीमन बिल, बड़ी बातें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *