Headlines

पहले वनडे में भारत की धमाकेदार जीत, जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा


भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हरा दिया है. बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में जिम्बाब्वे की टीम पहले खेलने के बाद सिर्फ 197 रन ही बना सकी थी. जवाब में टीम इंडिया ने 27.1 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. टीम इंडिया के लिए प्रतिका रावल ने शानदार मैच विनिंग शतक लगाया. वहीं गेंदबाजी में श्री चरणी ने चार विकेट चटकाए. 

198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत शानदार रही. पहले विकेट के लिए कप्तान स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने 15.3 ओवर में 94 रनों की साझेदारी की. कप्तान मंधाना 34 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुईं. हालांकि, प्रतिका ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ 106 रनों की साझेदारी कर भारत को मैच जिताया. 

शेफाली ने 33 गेंदों में 64 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान शेफाली ने 5 चौके और 4 छक्के लगाए. वहीं, प्रतिका ने 96 गेंदों में 100 रनों की नाबाद पारी खेली. प्रतिका ने अपनी इस पारी में 15 चौके लगाए. शेफाली और प्रतिका ने दूसरे विकेट के लिए 70 गेंदों में 106 रनों की अटूट साझेदारी की. 

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे जिम्बाब्वे की बल्लेबाजों ने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम 49.5 ओवर में 197 रनों पर ऑलआउट हुई. जिम्बाब्वे की ओर से बिलव्ड बीजा ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके लगाए.

जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लोरीन फिरी सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुईं. इसके बाद मोडेस्टर मुफिकवा अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सकीं और 25 रन बनाने के बाद श्री चरणी का शिकार बनीं. चिपो मुगेरी-ट्रिपानो 21 रन बनाकर आउट हुईं.

शार्न मेयर्स 8 रन बनाकर दीप्ति शर्मा की गेंद पर पवेलियन लौटीं. न्याशा ग्वांज़ुरा 28 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि चिएड्जा धुरु 10 रन बनाकर क्रांति गौड़ की बेहतरीन गेंद पर क्लीन बोल्ड हुईं. जिम्बाब्वे की चार बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सकीं.

गेंदबाजी में भारतीय टीम के लिए श्री चरणी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, क्रांति गौड़ ने 42 रन देकर 3 विकेट चटकाए. दीप्ति शर्मा ने 9.5 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट निकाले. 

यह भी पढ़ें- 

वैभव सूर्यवंशी को नहीं मिलेगा मौका? दूसरे टी20 में ऐसी होगी भारत की प्लेइंग इलेवन!



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *