Headlines

पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सुबह-सुबह बरसाए MK-82 बम, कहां की एयरस्ट्राइक?


आज सुबह तड़के साढ़े चार बजे और 5 बजे पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार को कोहाट में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए अफगानिस्तान के रिहायशी इलाकों में एक बार फिर एयरस्ट्राइक की. पक्तिका प्रांत के बरमाल जिले और कुनार प्रांत के नूरगल जिले में पाकिस्तानी वायुसेना की एयरस्ट्राइक में बच्चे और महिला समेत 3 आम नागरिक मारे गए और 4 आम नागरिक घायल हैं.

एयरस्ट्राइक के बाद मौके से आई तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि कुनार प्रांत में नूरगल जिले के पठान गांव में जिस घर पर पाकिस्तानी वायुसेना ने एयरस्ट्राइक की थी, वो पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो चुका है. इस मलबे से अमेरिका द्वारा निर्मित MK-82 बम के टुकड़े मिले हैं, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगान नागरिकों पर हमला करने के लिए किया था.

अमेरिकी F-16 या चीनी J-17 से किया हमला 

इस हमले में 226 किलो के MK-82 बम का प्रयोग पाकिस्तानी वायुसेना अपने F-16 और J-17 लड़ाकू विमानों में करती है. ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि सुबह-सुबह अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी वायुसेना ने अमेरिकी F-16 लड़ाकू विमान से एयरस्ट्राइक की है या फिर चीनी J-17 से. पक्तिका प्रांत के बरमाल जिले में जिस नागरिक ठिकाने पर पाकिस्तान ने हमला किया था वो असल में एक दुकान थी ऐसे में दुकान तो ध्वस्त हो गई, लेकिन वहाँ पर किसी की मौत नहीं हुई.

अफगानिस्तान ने कहा बदल लिया जाएगा 

हमले पर बयान जारी करते हुए अफ़गानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा की अफगानिस्तान इस हमले का उचित जवाब देगा. साथ ही जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान का सैन्य तंत्र अपने देश की सुरक्षा नाकामियो से लोगों का ध्यान हटाने के लिए अफगानिस्तान पर हमला कर रहा है.

पाकिस्तान में बीते शुक्रवार हुआ था हमला 

शुक्रवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के कोहाट जिले में इत्तेहाद ए मुजाहिद्दीन पाकिस्तान (IMP) के आतंकियों ने पहले काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट (CTD) के कैम्प और पास में बनी मस्जिद पर फिदायीन धमाका किया था. फिर 22 घंटे तक CTD के कैम्प को बंधक बनाए रखा था. इस हमले में 31 लोगो की मौत हुई थी, जिसमें 22 पुलिसकर्मी और CTD के अधिकारी थे. इसी तरह कल हांगू में पाकिस्तानी रेंजर्स पर IMP ने हमला किया था, जिसमें 5 सैनिकों की मौत हो गई थी. ऐसे में इन्हीं आतंकी हमलों का बदला लेने के लिए पाकिस्तानी वायुसेना ने हर बार की तरह इस बार भी अफगानिस्तान के नागरिक ठिकानों पर बमबारी की है.

पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने सुबह-सुबह बरसाए MK-82 बम, कहां की एयरस्ट्राइक?

पाकिस्तानी बदले की नीति से लगातार मारे जा रहे आम नागरिक

पिछले साल सितंबर से, जब से पाकिस्तानी सेना और वायुसेना ने अपने देश में आतंकी हमलों का बदला लेने के लिए अफगानिस्तान के नागरिक ठिकानों पर बमबारी करने की नीति अपनायी है, तब से अफगानिस्तान के 568 आम नागरिकों की जान पाकिस्तानी एयरस्ट्राइक में जा चुकी है. ऐसे में देखना होगा कि आने वाले दिनों में अफगानिस्तान आज हुई बमबारी का कैसे पाकिस्तान से बदला लेता है.

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *