बिहार के भागलपुर में सोमवार (21 सितंबर, 2026) को पोखर में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई. घटना सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की है. तरैटा बहियार स्थित एक पोखर में ये सभी बच्चे नहा रहे थे. हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां हैं.
मृतकों की पहचान ज्योति कुमारी, मीनाक्षी कुमारी, आयुष कुमार, राहुल कुमार, पूजा कुमारी और विकास कुमार के रूप में की गई है. एक बच्ची ज्योति कुमारी को छोड़कर सभी बच्चे विष्णु टोला के वार्ड नंबर 27 के रहने वाले थे. इनमें राहुल और पूजा भाई-बहन थे. बताया जा रहा है कि सभी बच्चे करमा-धरमा पर्व के मौके पर पोखर में स्नान करने के लिए गए थे. बच्चे आपस में साथ थे. इसी दौरान अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया. उसे डूबता देखकर दूसरे बच्चे भी उसे बचाने की कोशिश में पानी में उतर गए. इसी के चलते यह घटना हो गई.
बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी मौके पर पहुंचे. ये सभी बच्चे अलग-अलग परिवार के हैं. स्थानीय लोगों ने बच्चों को पोखर से निकाला. सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे.
यह भी पढ़ें- जमुई में कपल से भीड़ की बदसलूकी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
डॉक्टरों ने की मौत की पुष्टि
सभी बच्चों को पोखर से निकालने के बाद तुरंत उन्हें रेफरल अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सबको मृत घोषित कर दिया. एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है. जिन घरों में करमा-धरमा पर्व को लेकर उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है.
इस हादसे के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में हर तरफ मातम का माहौल है. हालांकि पुलिस-प्रशासन की टीम जानकारी जुटा रही है कि हादसा कैसे हुआ.
चिकित्सक ने कहा कि पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सबकी उम्र 12-13 साल के करीब है. एक सबौर का रहने वाला है जो अपने रिश्तेदार के यहां आया था. बाकी बच्चे विष्णु टोला के रहने वाले हैं.
यह भी पढ़ें- बिहारः शिक्षक ट्रांसफर के लिए नई तारीख जारी, 10 अक्टूबर तक मिलेगा मौका
