बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच को मेजबान इंग्लैंड ने 8 विकेट से जीत लिया है. पाकिस्तान ने तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 130 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे इंग्लिश टीम ने सिर्फ दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. हालांकि, सिर्फ दो रनों पर इंग्लैंड के दो विकेट गिर गए थे, लेकिन इसके बाद जॉर्डन कॉक्स 59 और कप्तान जो रूट 62 मैच जिताकर नाबाद लौटे. इस तरह इंग्लैंड ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ कर दिया. इंग्लैंड ने 3-0 से यह सीरीज जीती.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम अपनी पहली पारी में सिर्फ 133 रन ही बना सकी थी. इसके बाद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 453 रन बनाकर विशाल बढ़त हासिल की. पहली पारी में इंग्लैंड को 320 रनों की मैच विनिंग बढ़त मिली थी. इसके बाद पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रन बना डाले, और इंग्लैंड के सामने 130 रनों का लक्ष्य रखा.
दूसरी पारी में पाकिस्तान के लिए शान मसूद (95) ने अजान ओवैस (59) के साथ तीसरे विकेट के लिए 125 रन और कप्तान बाबर आजम (76) के साथ चौथे विकेट के लिए 89 रन जोड़े. टीम को 318 के स्कोर पर आठवां झटका लगा, जिसके बाद मोहम्मद अब्बास (42) ने रजाउल्लाह (81) के साथ नौवें विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी करते हुए पाकिस्तान को 400 के पार पहुंचाया. इंग्लैंड के लिए गस एटकिंसन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट निकाले. वहीं ओली रॉबिन्सन, जोश टंग और डैन लॉरेंस ने 2-2 विकेट चटकाए.
जीत के लिए 130 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पहले ही ओवर में बेन डकेट (0) और एमिलियो (0) के रूप में सलामी जोड़ी को गंवा दिया था. उस समय तक खाते में सिर्फ 2 ही रन जुड़ सके थे. इसके बाद कप्तान जो रूट ने जॉर्डन कॉक्स के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 140 गेंदों में 128 रन की साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई.
जो रूट 69 गेंदों में 9 चौकों के साथ 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जॉर्डन कॉक्स ने 76 गेंदो में 8 चौकों के साथ 59 रन की नाबाद पारी खेली. पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अब्बास ने 8 ओवरों में 27 रन देकर 2 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें-
कब, कहां और कैसे देखें भारत-अफगानिस्तान पहला टी20, जानें लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
