- दिल्ली-सियोल उड़ान भरनी थी, दो माह पहले ही जुड़े।
मुंबई के रहने वाले एअर इंडिया के एक पायलट की शनिवार (12 सितंबर, 2026) को दिल्ली में मौत की घटना सामने आई है. एयरलाइन ने इस घटना को लेकर कहा कि पायलट अपने लेओवर के दौरान दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में स्थित एक होटल में ठहरे थे, जहां वह बेहोशी की हालत में मिले. इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
एअर इंडिया ने पायलट की मौत पर गहरा दुख जताया और कहा कि वह उनके परिवार के साथ लगातार संपर्क में है और एयरलाइन्स इस दुख के समय में मृतक के परिवार को हर संभव मदद दे रही है. एयरलाइन ने कहा कि पायलट को शुक्रवार (11 सितंबर, 2026) की शाम को बेहोशी की हालत में पाया गया था. इसके तुरंत बाद ही उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसके पहले ही उनका निधन हो चुका था.
पायलट की मौत के पीछे क्या है कारण?
जानकारी के मुताबिक, पायलट की मौत के पीछे का संभावित कारण दिल का दौरा माना जा रहा है. पायलट दिल्ली से सियोल जाने वाली फ्लाइट को उड़ाने वाले थे. यह एअर इंडिया एयरलाइन के लिए उनक दूसरी फ्लाइट होने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई. इससे पहले वह एअर इंडिया एक्सप्रेस के साथ काम करते थे और करीब दो महीने पहले ही उन्होंने एअर इंडिया को जॉइन किया था और उन्हें शनिवार (12 सितंबर, 2026) की सुबह में दिल्ली से सियोल जाने वाली फ्लाइट को उड़ाना था.
घटना के बारे में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बताया कि उन्हें शुक्रवार (11 सितंबर, 2026) को वसंत कुंज इलाके के एक होटल में एक शख्स की तबीयत खराब होने की सूचना पर वसंत कुंज नॉर्थ थाने में पीसीआर कॉल मिली. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो शख्स बेहोश था और कोई भी रेस्पॉन्स नहीं दे रहा था. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने कहा, ‘शुक्रवार (11 सितंबर) की मृतक के भाई ने होटल मैनेजर को कॉल किया था और बताया कि उनका भाई कॉल का जवाब नहीं दे रहा. इसके बाद मैनेजर कमरे में गए, पर कमरा अंदर से बंद था, इसलिए होटल की मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया. अंदर मृतक बेहोशी की हालत में मिले और कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे.’ दिल्ली पुलिस ने आगे कहा कि शनिवार को सफदरजंग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया. मौत के कारण का पता रिपोर्ट के आने के बाद ही चलेगा. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ेंः BRICS के प्रस्ताव से गदगद हुए सलमान खुर्शीद, ‘कोई कारण नहीं दिखता कि…’
