पाकिस्तान ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को लाहौर में होने वाले ‘विश्व पंजाबी सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के तौर पर न्योता दिया है. इस पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि जब दूसरे देशों के साथ संबंधों की बात आती है, तो हमारी एक राष्ट्रीय नीति है और हम उम्मीद करते हैं कि हर कोई इसका पालन करे. MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘जहां तक विदेश जाने वाले गणमान्य व्यक्तियों को राजनीतिक मंजूरी देने का सवाल है, तो विदेश मंत्रालय अपनी पूरी योजना के अनुसार इसका आकलन करता है और उसी आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाती है.
उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान को लेकर हमारा क्या रुख है, यह सभी के लिए बिल्कुल स्पष्ट होना चाहिए. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री रमेश सिंह अरोड़ा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब विधानसभा के सदस्यों को पाकिस्तान आने का औपचारिक और मौखिक न्योता दिया है. उन्होंने बताया कि यह निमंत्रण पाकिस्तान पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज की ओर से भी दिया गया है.
FATF की बैठक में भारत ने लिया हिस्सा
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘हमने पेरिस में आयोजित एफएटीएफ (FATF) की पूर्ण बैठक और कार्य समूह की बैठकों में हिस्सा लिया. एफएटीएफ अवैध फंडिंग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करता है. हमने इन बैठकों में इस उद्देश्य के साथ भाग लिया कि मनी लॉन्ड्रिंग, टेरर फंडिंग और तबाही मचाने वाले हथियारों के प्रसार की फंडिंग जैसे मामलों को रोकने वाले वैश्विक नेटवर्क को और मजबूत किया जा सके.’
भारत-बांग्लादेश कांसुलर वार्ता जल्द
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाली आगामी कांसुलर वार्ता को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा, दोनों देश एक सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य की ओर देखने वाला रिश्ता चाहता है. इसी के अनुरूप व्यापार, रेलवे, जल संसाधन और सीमा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तय व्यवस्थाओं के तहत कई पहल की गई हैं और बैठकें हुई.’
उन्होंने कहा, ‘भारत-बांग्लादेश कांसुलर वार्ता का अगला दौर, जिसमें संशोधित यात्रा व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी, आपसी सहमति से तय की गई सुविधाजनक तारीख पर आयोजित किया जाएगा. भारत इन मौजूदा तंत्रों के माध्यम से, जिसमें तकनीकी स्तर भी शामिल है, बांग्लादेश के साथ सभी मामलों और द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है. कांसुलर वार्ता आपसी सहमति से तय तारीख पर आयोजित की जाएगी.’
