भारतीय टीम ने शनिवार को यहां आखिरी गेंद तक चले बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में गत चैंपियन पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब फिर से अपने नाम कर लिया. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय क्रिकेट टीम को एक्स पर पोस्ट कर बधाई दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भारतीय क्रिकेट के लिए एक शानदार दिन! आज के बेहतरीन प्रदर्शन और पुरुष U-19 एशिया कप 2026 जीतने के लिए हमारे युवा क्रिकेटरों पर बहुत गर्व है. उनकी यह सफलता कई अन्य युवाओं को प्रेरित करेगी. टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज उस्मान खान के 107 रन की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. भारतीय टीम ने उतार-चढ़ाव से भरे इस मुकाबले में आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर नौंवी बार खिताब अपने नाम कर लिया.
भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन की पारी खेली जबकि आर्यवीर सहवाग ने 58 रन का योगदान दिया. दोनों की पारियों ने भारत की खिताबी जीत की नींव रखी. इसके बाद मनल चौहान ने 47 रन और मोहित उल्वा ने नाबाद 49 रन की अहम पारियां खेलीं, जिसके दम पर भारत ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की.
Outstanding day for Indian cricket! Immensely proud of our young cricketers for today’s impressive performance and for winning the Men’s U-19 Asia Cup 2026. Their success will inspire several youngsters. Best wishes to the team for their endeavours ahead.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2026
पाकिस्तान अंडर-19 टीम की शुरुआत बेहतरीन
पाकिस्तान अंडर-19 टीम की शुरुआत बेहतरीन रही. हयाम खान और उस्मान खान ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 8.1 ओवर में 62 रन जोड़े. हयाम 23 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद उस्मान ने अब्दुल कादिर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 135 रन की बड़ी साझेदारी की.अब्दुल कादिर ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 80 रन बनाए. उनकी पारी में 3 चौके और 8 छक्के शामिल रहे.
उस्मान खान ने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन शतक लगाया. उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. कप्तान फरहान यूसुफ ने भी टीम के लिए अहम योगदान दिया. उन्होंने 60 गेंदों में 63 रन की पारी खेली और 4 चौके तथा 3 छक्के लगाए.वहीं, अहमद हुसैन ने 17 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर हमजा जहूर 10 रन ही बना सके. एक समय पाकिस्तान का स्कोर 4 विकेट पर 299 रन था और टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी. हालांकि, आखिरी छह ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की.
